आबकारी आरक्षक परीक्षा की ड्यूटी में लगे अधिकारी/कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यशाला में एसएसपी रामकृष्ण साहू हुए शामिल

आबकारी आरक्षक परीक्षा की ड्यूटी में लगे अधिकारी/कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यशाला में एसएसपी रामकृष्ण साहू हुए शामिल  

जिले में बने 20 परीक्षा केंद्रों में होगी कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था 

HHMD (हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर) पोर्टेबल स्कैनिंग उपकरण व मैनुअल तलाशी से परीक्षा केन्द्रों में सभी अभ्यर्थियों की होगी चेकिंग 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 26 जुलाई 2025 - वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में रक्षित केंद्र बेमेतरा के सभा हॉल में आबकारी आरक्षक परीक्षा के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित किया गया। 
            प्रशिक्षण कार्यशाला पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने कार्यशाला में शामिल होकर आबकारी आरक्षक परीक्षा डियुटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मार्गदर्शन प्रदान किया। 
      प्रशिक्षण के दौरान ड्यूटी में लगे अधिकारी कर्मचारियों को परीक्षा केन्द्रों में आने वाले अभ्यर्थियों की चेकिंग कार्रवाई HHMD (हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर) पोर्टेबल स्कैनिंग उपकरण से व मैनुअल तलाशी के माध्यम से करने की विधि के संबंध में प्रशिक्षण प्रदाय किया गया। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला पुलिसकर्मियों से ही कराई जाएगी। 
          उन्होंने परीक्षा के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु व्यवस्था सुनिश्चित करने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जवाबदारी एवं भूमिका का कुशल निर्वहन करने एवं जारी दिशा-निर्देशो का पालन करने हेतु आवश्यक निर्देश दिया गया। 
           छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर (व्यापम) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 27 जुलाई 2025 रविवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा ताकि समय पर उनकी फ्रिस्किंग एवं दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया संपन्न की जा सके। मुख्य द्वार प्रातः 10.30 बजे के बाद बंद कर दिया जाएगा, जिससे किसी भी परिस्थिति में देरी से आए हुए अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। बेमेतरा जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 20 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें लगभग 5000 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।

पुलिस बल की तैनाती व फ्रिस्किंग की निगरानी - सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी, जो परीक्षा प्रारंभ होने से 2 घंटे 30 मिनट पूर्व केंद्र पर उपस्थित होंगे। अभ्यर्थियों की HHMD (हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर) पोर्टेबल स्कैनिंग उपकरण से व मैनुअल तलाशी के माध्यम से की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला पुलिसकर्मियों से ही कराई जाएगी।

अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड और निषेधाज्ञा का पालन अनिवार्य - अभ्यर्थियों के लिए दिशा निर्देश जारी किया गया है कि वे हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनें एवं फुटवियर के रूप में चप्पल ही पहनें। किसी भी प्रकार का कान का आभूषण, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, पर्स, घड़ी, मोबाइल फोन या अन्य संचार उपकरण परीक्षा केंद्र में लाना पूर्णतः वर्जित होगा।ताकि आवश्यक सुरक्षा जांच की जा सके। 
       इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार झा, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो एवं परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।