जिला चिकित्सालय बेमेतरा में मोबाइल एप 'आभा' से पंजीयन

जिला चिकित्सालय बेमेतरा में मोबाइल एप 'आभा' से पंजीयन 

अब ओपीडी पर्ची के लिए काउंटर में लाइन लगाने की जरूरत नहीं  

एप में हेल्थ हिस्ट्री भी होगी स्टोर 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 21 जुलाई 2025 - स्वास्थ्य विभाग मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमृत लाल रोहडेलकर ने कहा कि जिला चिकित्सालय बेमेतरा में मरीजों को ओपीडी पर्ची के लिए लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। मरीज या परिजन घर बैठे ही मोबाइल ऐप (आभा) के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं या फिर इसके लिए इस ऐप के क्यूआर कोड का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
   जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री लता बंजारे ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा एक मोबाइल ऐप (आभा) तैयार किया गया है, जिसका उपयोग कर मरीज या परिजन अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
       जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक बसोड़ ने उक्त संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि खास बात यह कि इस ऐप में मरीज का एक आभा कार्ड बनेगा, जिममें यूजर्स को एक 14 डिजिट का कार्ड मिलेगा, जिसमें मरीज के हेल्थ (डाइग्नोस्टिक व दवाई) की पूरी जानकारी भी होगी। इससे कहीं पर भी किसी भी डॉक्टर द्वारा मरीज की पूरी हेल्थ हिस्ट्री जानने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
          स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्रों के सुद्धीकरण और आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत इस ऐप के उपयोग के लिए जोर दिया जा रहा है। इसके तहत यूजर्स को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति आभा कार्ड बनवा सकता है। इसमें पंजीयन के लिए मरीज या परिजन को ऐप या जिला चिकित्सालय के ऐप का क्यूआर कोड का इस्तेमाल करना पड़ेगा।

आसान है इस ऐप का उपयोग करना - जिला चिकित्सालय बेमेतरा के सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू व अस्पताल प्रमुख सलाहकार डॉ स्वाति यदु ने बताया कि आभा ऐप का उपयोग कोई भी स्मार्ट मोबाइल धारक कर सकता है। ऐप या क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्टर्ड ऑप्शन में जाकर अपना मोबाइल नंबर और आधार कार्ड नंबर दर्ज कर रजिस्टर्ड करें। इसके बाद ओटीपी सत्यापन होगा और उपयोगकर्ता को अपना नाम, लिंग, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर व ईमेल का विवरण देना होगा। इस ऐप से संबंधित क्यूआर कोड जिला अस्पताल एवं एमसीएच बिल्डिंग के पंजीयन कक्ष के सामने में चस्पा किया गया है।