एसएसपी रामकृष्ण साहू के निर्देशन में आयोजित वरिष्ठ आरक्षकों का एक सप्ताह का कैप्सूल कोर्स प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

एसएसपी रामकृष्ण साहू के निर्देशन में आयोजित वरिष्ठ आरक्षकों का एक सप्ताह का कैप्सूल कोर्स प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न 

अब वरिष्ठ आरक्षक भी कर सकेंगे शिकायतों की जांच और अपराधों की विवेचना  

विवेचना संबंधी तकनीकी, कानूनी एवं प्रायोगिक जानकारी प्रदान कर किया गया दक्ष 

वरिष्ठ आरक्षकों को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 08 जुलाई 2025 - वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में वरिष्ठ आरक्षकों हेतु एक सप्ताह की कैप्सूल कोर्स प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। 
      इस प्रशिक्षण का उद्देश्य क्रमोन्नत वेतनमान मैट्रिक्स-06 के वरिष्ठ आरक्षकों को भारतीय न्याय संहिता 2023 के अंतर्गत अपराधों की जांच एवं विवेचना के लिए कानूनी, तकनीकी और प्रायोगिक दक्षता प्रदान करना था। 
प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ आरक्षकों को घटना स्थल का निरीक्षण, ई-साक्ष्य संकलन और डिजिलॉकर में संग्रहण, सीडीआर विश्लेषण, प्रथम सूचना पत्र लेखन से लेकर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने तक की समस्त प्रक्रिया, नक्शा, जप्ती पत्रक, गिरफ्तारी, कथन एवं नोटिस तामील आदि का विस्तृत अभ्यास कराया गया। 
       इस अवसर पर बेमेतरा लोक अभियोजक शिव गोपाल श्रीवास एवं सीन ऑफ क्राइम यूनिट बेमेतरा व कबीरधाम के शैलेन्द्र कुमार द्वारा प्रशिक्षुओं (वरिष्ठ आरक्षकों) को अन्वेषण का दायित्व सौंपे जाने से पूर्व महत्वपूर्ण कानूनी और तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने अपराध अन्वेषण के महत्वपूर्ण बिंदु के संबंध में अवगत कराया गया। 
      लोक अभियोजक शिव गोपाल श्रीवास एवं सीन ऑफ क्राइम यूनिट बेमेतरा व कबीरधाम के शैलेन्द्र कुमार ने प्रशिक्षुओं (वरिष्ठ आरक्षकों) को फोरेंसिक, कानूनी एवं विवेचना के आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने अपराध स्थल की सुरक्षा, साक्ष्य की पहचान, वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी, बीएनएस की धाराओं के अनुसार केस दर्ज करने आदि पर विशेष जानकारी दी। 
      एसएसपी रामकृष्ण साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय न्याय संहिता 2023 में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई अहम प्रावधान जोड़े गए हैं। उन्होंने वरिष्ठ आरक्षकों से अपेक्षा की कि वे कर्तव्य निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और आमजन से संवाद बनाकर कानून व्यवस्था को मजबूती दें। 
          प्रशिक्षण समापन अवसर पर एसएसपी रामकृष्ण साहू ने उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, दुलेश्वर चंद्रवंशी एवं जिले के विभिन्न थानों/चौकियों से आए वरिष्ठ आरक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 
            इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो एवं जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों से आए वरिष्ठ आरक्षकगण भी उपस्थित रहे।