माँ गोदावरी आनंद वन गोमची में सावन के पहले सोमवार पर सम्पन्न हुआ शिव जी की पूजा
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - ग्राम गोमची स्थित माँ गोदावरी आनंद वन में आज सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर शिवलिंग की विधिवत स्थापना एवं रुद्राभिषेक का आयोजन भक्ति एवं श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन की अगुवाई जिला पंचायत अध्यक्ष एवं माँ गोदावरी आनंद वन की ट्रस्टी श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने अपने परिवारजनों के साथ की।
शिवलिंग स्थापना के पश्चात रुद्राभिषेक, मंत्रोच्चार और सामूहिक आरती ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्ति से सराबोर कर दिया। आयोजन में आश्रम में निवासरत सभी बुजुर्गों ने भी भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।
इस अवसर पर श्रीमती तिवारी ने कहा सावन का यह पुण्य अवसर सेवा और संस्कार को जोड़ने का समय है। बुजुर्गों की सेवा करना और शिवभक्ति में लीन होना दोनों ही हमारे जीवन के सच्चे उद्देश्य हैं। माँ गोदावरी आनंद वन सिर्फ एक आश्रम नहीं, बल्कि एक भावनात्मक परिवार है, जहां हर पर्व आध्यात्मिक उत्सव बन जाता है।
इस अवसर पर भजन, आरती, प्रसाद वितरण और सामाजिक सौहार्द का सुंदर दृश्य देखने को मिला। इस विशेष कार्यक्रम में डॉ. सीपी सेन (प्रबंधक), श्रीमती संगीता सेन, होरीलाल तिवारी, हमेश्वर दुबे, सुशील तिवारी, सुरेश, शांतिलाल जैन, सकलदेव, चंद्रहास, श्रीमती पूनम, विनय शर्मा, श्रीमती नर्मदा, दिलीप सहित अन्य सेवाभावी व बुजुर्गजन शामिल हुए।