सरपंच, सचिव व ठेकेदार के बीच कमिशन का खेल उजागर, निर्माण अपूर्ण, कार्यवाही शून्य
विधायक ने लिया संज्ञान, भरी बरसात में निकले स्थल निरीक्षण में
निर्माण एजेंसी सहित अधिकारियों को दिए कार्य पूर्ण करने तीन माह का समय
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/साजा - जनपद पंचायत साजा के अंतर्गत बन रहे मिनी स्टेडियम विवादों में घिरता जा रहा है। ऐसा लगता है यह कोई मिनी स्टेडियम ना होकर वानखेडे का मैदान तैयार हो रहा है। उक्त मिनी स्टेडियम निर्माण कार्यों को 1 साल से अधिक का समय बीत चुका है, किसी भी स्टेडियम का कार्य पूरा नहीं हुआ है। ग्राम पंचायतों के माध्यम से होने वाले इस मिनी स्टेडियम के निर्माण कार्य में 40% की राशि अग्रिम निकाली जा चुकी है। सरपंच, सचिव व ठेकेदार के बीच कमिशन का खेल भी मैदान बनने के पहले ही हो चुका है। यह निर्माण कार्य पिछले सरपंचों के कार्यकाल का हैं, जो कि इस नए कार्यकाल में कई सरपंच चुनाव हार कर बाहर जा चुके हैं और निर्माण कार्य लगभग नहीं के बराबर हुआ है। वहीं गुणवत्ता की तो बात ही ना की जाए, तो ज्यादा अच्छा है।
इस मिनी स्टेडियम मैदान को लेकर राजनीति के मैदान में ऐसा खेल चला हैं कि वर्तमान विधायक को भी स्टेडियम का निरीक्षण करना पड़ गया। इन मिनी स्टेडियम निर्माण कार्यों की शिकायत गृहमंत्री तक पहुंच चुकी है। यह पहला निर्माण कार्य है जिसके लिए अब समय सीमा तय कर दिए गए हैं, 3 माह के भीतर मिनी स्टेडियम का निर्माण पूरा करना है, जिसकी संभावना नहीं के बराबर दिख रही है। अभी तक 40% काम में नहीं हुआ, आने वाले बरसात को देखते हुए निर्माण कार्य पूर्ण होने की संभावना नहीं के बराबर दिख रही है। यह पहला निर्माण कार्य होगा, जिसमें गुणवत्ता दर किनार होगी। विधायक ईश्वर साहू ने अपने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ दीपावली के पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दे दी है। यह स्टेडियम कई विवादों के साथ खड़ा है, यदि इसका निर्माण पूरा नहीं होता हैं तो संबंधित कई पूर्व सरपंचों व सचिवों से लाखों रुपए की वसूली हो सकती हैं, जिससे सम्बंधित एक चिट्ठी जारी की जा चुकी है।
जनपद क्षेत्र में स्वीकृत हैं 22 कार्य - जनपद पंचायत साजा अंतर्गत लगभग 22 ग्राम पंचायतों में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस मिनी स्टेडियम के निर्माण कार्यों के लिए प्रति कार्य के लिए लगभग 32 लाख रुपए की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है।
विधायक ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण - विधायक ईश्वर साहू जनपद पंचायत साजा क्षेत्र अंतर्गत मिनी स्टेडियम निर्माण कार्यों के निरीक्षण में निकले। उनके साथ जनपद पंचायत साजा सीईओ, आरईएस एसडीओ, सब इंजीनियर, जिला पंचायत सभापति, जनपद सदस्य, सरपंच, ग्रामीण, कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक श्री साहू ने लगभग सभी निर्माण स्थलों में जाकर स्वतः ही वस्तु स्थिति को देखा व जाना। विधायक द्वारा इस प्रकार निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया जाना क्षेत्रवासियों ने पहली बार देखा। वहीं विधायक श्री साहू ने निर्माण कार्यों की ऐसी दुर्दशा व हालत पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई, साथ ही ठेकेदारों पर लगाम लगाने के लिए उचित कदम उठाने की बात कहीं, साथ ही कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने को बोला।