“हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर, उनकी सेवा और सम्मान करना हम सबका दायित्व - विधायक दीपेश साहू
स्वास्थ्य मेला और दाई बबा दिवस का आयोजन
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 4 जून 2025 - बेमेतरा जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा आज जिले के जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में “हमारे बुजुर्ग, हमारी धरोहर” थीम पर स्वास्थ्य मेला और दाई बबा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक दीपेश साहू ने जिला अस्पताल बेमेतरा में उपस्थित बुजुर्गों, पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों का पुष्प माला व तिलक लगाकर सम्मान किया और सभी को श्रीफल भेंट किए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, वय वंदन कार्ड, सहारे के लिए स्टिक का वितरण की। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि “हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना हम सबका दायित्व है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूँ कि जिले में संचालित आयुष्मान भारत योजना, वय वंदन कार्ड जैसी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएँ और स्वस्थ जीवन जिएँ। बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण और उन्हें आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। मैं इस आयोजन में उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों का हार्दिक अभिनंदन करता हूँ और उनके स्वस्थ और सशक्त जीवन की कामना करता हूँ।
कार्यक्रम में पेंशनर वरिष्ठ योगाचार्य दिलहरन तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान जिला स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ एवं डीएचओ डॉ. अशोक बसोड़ और डीपीएम सुश्री लता बंजारे ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य मेला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला अस्पताल सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू, आरएमओ डॉ. दीपक मीरे, अस्पताल प्रमुख सलाहकार डॉ. स्वाति यदु, आयुष्मान एनसीडी एवं आयुर्वेदिक चिकित्सक तथा अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड बनाए गए और उन्हें स्वास्थ्य लाभ के लिए जागरूक किया गया।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बुजुर्गों के सम्मान एवं उनके स्वास्थ्य के प्रति सजगता को सुदृढ़ करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।