छत्तीसगढ़ तभी आगे बढ़ेगा, जब गांव आगे बढ़ेंगे - विधायक दीपेश साहू

छत्तीसगढ़ तभी आगे बढ़ेगा, जब गांव आगे बढ़ेंगे - विधायक दीपेश साहू 

दारगांव समाधान शिविर में शामिल हुए बेमेतरा विधायक दीपेश साहू 

जनसमस्याओं के निराकरण हेतु अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - सुशासन तिहार के अंतर्गत बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के दारगांव में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक श्री साहू ने जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक श्री साहू ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली और आमजन तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुँचाने पर विशेष बल दिया। इस दौरान पत्र हितग्राहियो को विभिन्न प्रकार के योजनाओं का लाभ भी दिलवाया और प्रमाण पत्र भी सौपे। 
स्पष्ट निर्देश - इस दौरान विधायक दीपेश साहू ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को निर्देशित किया कि “कोई भी नागरिक निराश होकर शिविर से वापस न लौटे।” शिविर के दौरान उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी तैयारी के साथ आएं क्योंकि जनता की समस्याओं के अनुरूप उनसे भी सवाल किए जाएंगे। 
             उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की सोच को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा “छत्तीसगढ़ तभी आगे बढ़ेगा जब गांव आगे बढ़ेंगे। उन्होंने आगे ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा आप सभी की जागरूकता ही शासन-प्रशासन को दिशा देगी।” 
कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति - विधायक दीपेश साहू ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे सुबह 10 बजे से ही शिविर में सक्रिय रूप से मौजूद हैं। साथ ही उन्होंने कहा “मैं खुद 10 वर्षों तक शिक्षा विभाग में शिक्षक के पद पर कार्यरत रहा हूं, इसलिए कर्मचारियों की पीड़ा को समझता हूं। लेकिन आज एक जनसेवक के रूप में यह सुनिश्चित करना मेरी जिम्मेदारी है कि जनता को कोई कठिनाई न हो।” 

कलस्टर भवन हेतु 10 लाख की घोषणा - इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं की मांग पर विधायक दीपेश साहू ने कलस्टर भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा भी की। 

उन्होंने सफल आयोजन के लिए समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, पूर्व विधायक अवधेश सिँह चंदेल, मंडल अध्यक्ष बेरला डोमेन्द्र राजपूत, सरपंचगण, ग्रामवासी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।