विधायक दीपेश साहू ने राखी जोबा राइस मिल हादसे के पीड़ितों से की मुलाकात

विधायक दीपेश साहू ने राखी जोबा राइस मिल हादसे के पीड़ितों से की मुलाकात 

न्याय और सहायता का दिलाया भरोसा

मृतक नंदकुमार निषाद के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि किया प्रदान  
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/साजा 08 मई 2025 - साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राखी जोबा स्थित सूरज राइस मिल में हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में मृतक और घायल परिवारों से मिलने आज बेमेतरा विधायक दीपेश साहू पहुंचे। उन्होंने ग्राम चोंगी खपरी निवासी मृतक नंदकुमार निषाद के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी एवं हादसे के बारे में जानकारी ली। इस दुर्घटना में नंदकुमार निषाद की दुखद मृत्यु हो गई थी, जबकि उनके पुत्र भगवान दास गंभीर रूप से घायल हैं और वर्तमान में दुर्ग में उपचाररत हैं। 
आर्थिक सहायता राशि - विधायक श्री साहू ने हादसे में प्रभावित अन्य व्यक्तियों नरेंद्र यादव एवं खेलन ठाकुर से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वही विधायक दीपेश साहू मृतक नंद कुमार निषाद के परिवार को आर्थिक सहायता राशि भी दिये। 

राइस मिल मालिक की लापरवाही - मुलाकात में ग्रामवासियों ने बताया कि यह हादसा राइस मिल मालिक की लापरवाही के कारण हुआ, जहां सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। यदि आवश्यक सावधानियां बरती गई होतीं तो यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।

मैं व सरकार आपके साथ - इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने कहा “हमारी सरकार और मैं स्वयं पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्हें न्याय दिलाने और हर आवश्यक सहयोग प्रदान करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।” 

हर संभव मदद - उन्होंने नन्दकुमार निषाद के बच्चों से भी मुलाक़ात किया और उनके स्वास्थ्य और पढ़ाई लिखाई की जानकारी ली और बच्चों की पढ़ाई लिखाई, इलाज के लिए हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। 

जांच कर दोषियों पर कार्रवाई व आर्थिक सहायता के निर्देश - विधायक श्री साहू ने जिलास्तरीय विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात कर मामले की गहन जांच करने और दोषियों पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मृतक और घायल परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। 

परिजनों और ग्रामवासियों से अपील - विधायक श्री साहू ने परिजनों और ग्रामवासियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं। सरकार की ओर से न केवल मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी, बल्कि बीमा कंपनियों से भी समन्वय कर बीमा राशि दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता बलराम पटेल, नीरज राजपूत सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ