सभापति जिला पंचायत अंजू बघेल ने हितग्राही को सौंपा प्रमाण पत्र
मूरता में ऑन-द-स्पॉट परीक्षण
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 10 मई 2025 - छत्तीसगढ़ में इन दिनों “सुशासन तिहार-2025” की गूंज हर गांव-शहर तक पहुंच रही है। इसी अभियान के तहत बेमेतरा जिले में 5 मई से समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में 8 मई को नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत मूरता में आयोजित समाधान शिविर में जितेन्द्र मानिकपुरी ने भी अपनी समस्या लेकर दस्तक दी।
जितेन्द्र लंबे समय से निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशान थे। हर बार कोई न कोई कारण आड़े आता और उनका काम अधूरा रह जाता। लेकिन जब उन्होंने सुना कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, तो वे आशान्वित होकर मूरता शिविर पहुंचे।
राजस्व विभाग के स्टॉल पर जितेन्द्र ने निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया और सोचा कि हमेशा की तरह बाद में प्रक्रिया चलेगी। लेकिन तभी अधिकारी ने उन्हें रोका और तुरंत उनसे जरूरी जानकारी ली। मोबाइल के जरिए ऑन-द-स्पॉट परीक्षण किया गया और चंद मिनटों में उनका निवास प्रमाण पत्र बनकर तैयार हो गया।
सभापति जिला पंचायत अंजु बघेल ने स्वयं जितेन्द्र को प्रमाण पत्र सौंपा। जितेन्द्र की खुशी का ठिकाना नहीं था। उन्होंने कहा “मुझे उम्मीद नहीं थी कि इतने कम समय में मेरा काम पूरा हो जाएगा। मैं राज्य सरकार और जिला प्रशासन का दिल से धन्यवाद करता हूं।”यह कहानी सुशासन तिहार की सफलता की गवाही देती है, जहां शासन-प्रशासन आम जनता के दरवाजे तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।
0 टिप्पणियाँ