मां शीतला जुड़वा उत्सव समिति देवकर के सदस्यों ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीआईजी रामकृष्ण साहू से भेंटकर की चर्चा
बेमेतरा 30 जून 2026 - जय मां शीतला जुड़वा उत्सव समिति देवकर के पदाधिकारियों एवं नगरवासियों ने पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) से सौजन्य भेंट कर आगामी मां शीतला जुड़वा उत्सव के संबंध में जानकारी दी तथा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु निवेदन किया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर देवकर में मां शीतला जुड़वा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को सादर आमंत्रित किया गया है।
दिनांक 09 जुलाई 2026 गुरुवार को प्रातः 09 बजे से भव्य कलश यात्रा, हवन पूजन, सेवा भजन, महा भंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए समिति द्वारा सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था हेतु पुलिस बल की आवश्यक व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया।
डीआईजी ने समिति के सदस्यों से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर स्टेनो संतोष सोनवानी, जिला विशेष शाखा से प्रधान आरक्षक ऐश्वर्य सिंह एवं मां शीतला जुड़वा उत्सव समिति के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ