एसएसपी, जिला पंचायत सीईओ, एएसपी सहित कई अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 15 अप्रैल 2025 - चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय एवं कलेक्टरेट परिसर स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस धार्मिक आयोजन में जिले के आला अधिकारियों से लेकर प्रशासनिक कर्मचारियों एवं श्रद्धालु नागरिकों तक, सभी ने सहभागिता निभाई और प्रभु श्री हनुमान जी का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रातः काल से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई थी। श्रद्धालु भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना, हवन यज्ञ और सुंदरकांड पाठ में भाग लिया। आयोजन की पूर्ण आस्था के साथ अगुवाई पंडित अभिषेक दुबे ने की। भक्तिमय माहौल में ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के जयघोष गूंजते रहे, जिससे संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।
विशेष बात यह रही कि अवकाश के चलते भंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन आज 15 अप्रैल को किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति द्वारा सभी आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ टेकचंद अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह, अपर कलेक्टर अंकिता गर्ग, डीएसपी राजेश कुमार झा, एसडीएम प्रकाश कुमार भारतद्वाज, श्रीमती दिव्या पोटाई, श्रीमती दीप्ती वर्मा, धनीराम रात्रे सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान हनुमान जी के चरणों में पुष्प अर्पित कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की कामना की। इस धार्मिक आयोजन ने जिले में भक्ति, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।