आवास सर्वे में नाम जुड़वाने 30 अप्रैल के पूर्व पंजीयन कराने अपील

आवास सर्वे में नाम जुड़वाने 30 अप्रैल के पूर्व पंजीयन कराने अपील 

आवास प्लस 2.0 मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से 30 अप्रैल 2025 तक सर्वेक्षण कार्य

पात्र हितग्राही स्वयं से भी कर सकते है अपना सर्वे 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 16 अप्रैल 2025 - प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत जिले के स्थायी प्रतीक्षा सूची एवं आवास प्लस सूची में छुटे हुए पात्र ग्रामीण परिवारों को लाभांवित करने हेतु इनकी पहचान के लिए सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत आवास प्लस 2.0 मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से 30 अप्रैल 2025 तक सर्वेक्षण कार्य किया जाएगा। 
         बेमेतरा जिले में नये आवास सर्वेक्षण हेतु "मोर दुआर, साय सरकार महाभियान" के तहत 15 से 30 अप्रैल 2025 की अवधि में विशेष सर्वेक्षण पखवाड़ा का आयोजन कराया जा रहा है। जिसके प्रथम चरण में (15/04/2025 से 19/04/2025) जिला/ब्लॉक स्तर पर आवास सर्वे पखवाड़ा का शुभारंभ मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा सांकेतिक रूप से एक-एक परिवार का सर्वेक्षण किया जाना है। 
       15 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर जिले के ग्राम घाटपदमपुर से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के लिए प्रदेशव्यापी मोर दुआर-साय सरकार महाभियान का शुभारंभ किया था। आज खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल जिले के ग्राम पंचायत नांदघाट में दो हितग्राहियों के घर पहुंचकर आवास सर्वे किया। साथ ही मंत्री द्वारा आवास हेतु पात्रता रखने वाले हितग्राहियों से आवास सर्वे में नाम जुड़वाने 30 अप्रैल 2025 के पूर्व पंजीयन कराने हेतु अपील की।
  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टेकचंद्र अग्रवाल ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के जारी दिशा निर्देशानुसार 17 अप्रैल 2025 को विधायकों एवं सांसदों द्वारा, 18 अप्रैल 2025 को जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वार और 19 अप्रैल 2025 को जनपद अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वार आवास सर्वे का कार्य किया जाएगा।
         मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रवाल ने बताया कि 30 अप्रैल 2025 उपरांत भारत सरकार द्वारा सर्वे कार्य बंद कर दिया जाएगा। जो भी हितग्राही आवास हेतु पात्रता रखते हैं वे संबंधित ग्राम पंचायत सचिव/रोजगार सहायक/आवास मित्र से संपर्क कर अपना पंजीयन करवा सकते है। सर्वे हेतु निर्धारित तिथि उपरांत किसी भी प्रकार की दावा आपत्ति मान्य नहीं होगा। पात्र हितग्राही स्वयं से भी अपना सर्वे कर सकते हैं इस हेतु लिंक https://pmayg.nic.in/infoapp.html से सर्वे एप्लीकेशन डाउनलोड कर सकते हैं।