15 फरवरी को होगी मतगणना
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 12 फ़रवरी 2025 - बेमेतरा नगर पालिका परिषद् और जिले की 09 नगर पंचायतों में 11 फरवरी को संपन्न हुए नगरीय निकाय मे शांतिपूर्ण चुनाव के बाद सभी मतदान दलों ने देर रात 10 बजे तक कृषि उपज मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) जमा की। नगर पालिका क्षेत्र के 21 वार्डों के लिए बनाए गए 36 मतदान केंद्रों की ईवीएम को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में रखा गया। इसके साथ हि जिले के 09 नगर पंचायतो मे भी ईवीएम कों सील किया गया और सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम मे रखा गया। मतदान के बाद सभी मतदान दलों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मतदान सामग्री को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में पहुंचाया। जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
मतदान के पश्चात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा के निर्देशों पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंकिता गर्ग एवं नगर पालिका परिषद की रिटर्निंग अधिकारी दीप्ति वर्मा की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों के सामने स्ट्रांग रूम को सील किया गया। साथ ही स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उसे ईंटों की दीवार से घेर दिया गया। बता दें मतगणना 15 फरवरी 2025 को होगी और उसी दिन ईवीएम खोले जाएंगे। इससे पहले जिले की 09 नगर पंचायतों में भी ईवीएम को सील कर सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा गया है। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित होता है कि चुनाव परिणामों की घोषणा तक ईवीएम की सुरक्षा और पारदर्शिता बनी रहे, जिससे लोकतंत्र की मजबूती और नागरिकों का विश्वास सुनिश्चित होता है।
बता दें कि बेमेतरा जिले मे मतदान का कुल प्रतिशत 77.44% रहा, जोकि मतदाताओं के भारी उत्साह को दर्शाता है। कुल 58163 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया, जिनमें 28747 पुरुष और 29416 महिलाएं शामिल थीं। निकायवार मतदान प्रतिशत अंतर्गत नगर पालिका बेमेतरा मे 71.68%, बेरला मे 79.52%, साजा मे 75.61%, थानखम्हरिया मे 78.46%, देवकर मे 79.42%, परपोड़ी मे 86.95%, नवागढ़ मे 75.66%, दाढ़ी मे 83.25%, भिंभौरी मे 89.18% और सबसे अधिक कुसमी मे 90.90% मतदान हुआ।