कांग्रेस प्रत्याशी सुमन गोस्वामी ने पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के साथ जमा किया नामांकन
नगर पालिका नामांकन फॉर्म भरने में किया कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - नगरी निकाय के चुनाव में आज नामांकन के अंतिम दिवस पर कांग्रेस के नगर पालिका अध्यक्ष पद प्रत्याशी सहित नगर के 21 वार्ड के पार्षद पद प्रत्याशियों ने अपना नामांकन कांग्रेस भवन बेमेतरा से रैली के रूप में निकालकर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय बेमेतरा के कार्यालय में अपना नामांकन जमा किया। नामांकन रैली में मुख्य रूप से पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा सहित कांग्रेस के वरिष्ठजन शामिल रहे। इस रैली के माध्यम से न केवल कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों का नामांकन ही जमा किया है बल्कि शहर में यह संदेश भी दिया है कि कांग्रेस आज भी दमखम के साथ चुनाव मैदान में डटी हुई है। आज के नामांकन रैली में कांग्रेस प्रत्याशियों में भारी जोश दिखाई दे रहा था। बैड बाजे और धुमाल के साथ नामांकन रैली निकाली गई। सबसे पहले कांग्रेस भवन में सभी प्रत्याशी एकत्र होकर वरिष्ठजनों से आशीर्वाद लिए तथा इस अवसर पर पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव कोई व्यक्ति नहीं लड़ रहा है कांग्रेस संगठन लड़ रही है और इस चुनाव को जीतने के लिए हम सब कटिबंध हैं। कांग्रेस एक बड़ा परिवार है और हम सब उस परिवार के सदस्य हैं, चाहे हमें टिकट मिली हो या ना मिली हो हम सभी को अपने सभी 21 वार्डों में वार्ड पार्षद सहित नगर पालिका अध्यक्ष को जीतने के लिए जी तोड़ मेहनत करनी है और इसमें कहीं कोई कमी नहीं छोड़ना है। इस अवसर पर लुकेश वर्मा, अवनीश राघव, टीआर जनार्दन, अविनाश तिवारी, प्रणीश चौबे, ललित विश्वकर्मा, मंगत साहू, शत्रुघ्न साहू, जोगिंदर छाबड़ा, दिनेश पटेल, जगजीत सिंह, कांग्रेस के अधिकृत अध्यक्ष प्रत्याशी सुमन गोस्वामी एवं कांग्रेस अधिकृत पार्षद सहित नगरवासी भारी संख्या में उपस्थित रहे।