बेमेतरा में शिशु संरक्षण माह एवं विटामिन ए अनुपूरक कार्यक्रम का शुभारंभ

बेमेतरा में शिशु संरक्षण माह एवं विटामिन ए अनुपूरक कार्यक्रम का शुभारंभ 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - जिला बेमेतरा में शिशु संरक्षण माह और अर्धवार्षिक विटामिन ए अनुपूरक कार्यक्रम की शुरुआत 21 जनवरी 2025 से 21 फरवरी 2025 तक की जाएगी। इस कार्यक्रम का संचालन कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशन में किया जा रहा हैं, जिसमें सभी विकासखण्डों में नियमित टीकाकरण दिवस के माध्यम से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
        मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वाई. के. ध्रुव ने जानकारी देते हुए बताया कि शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ 21 जनवरी 2025 को किया जाएगा, जो एक माह तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को नियमित टीकाकरण दिवस पर आयोजित होगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शिशु स्वास्थ्य संवर्धन से संबंधित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गतिविधियों का संचालन, सेवाओं की प्रदायगी और सुदृढ़ीकरण करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 1358 टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 6 माह से 5 वर्ष तक के 95297 बच्चों को आयरन सिरप देने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, 9 माह से 5 वर्ष तक के 90008 बच्चों को विटामिन ए सिरप की खुराक दी जाएगी। ये सेवाएं जिलें की सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनवाड़ी केन्द्रों और टीकाकरण सत्र स्थलों पर निशुल्क प्रदान की जाएंगी। इन सेवाओं का लाभ मंगलवार और शुक्रवार को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों द्वारा दिया जाएगा। अभियान के दौरान गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र, जिला चिकित्सालय बेमेतरा में पोषण आहार और संक्रमण के उपचार हेतु भर्ती किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों का हिमोग्लोबिन परीक्षण, गर्भवती माताओं की जांच और बच्चों का नियमित टीकाकरण भी किया जाएगा।
               कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सभी जिलेवासियों से अपील की हैं कि वे शिशु संरक्षण माह में अपने 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए और आयरन सिरप की खुराक दिलवाएं और इस अभियान के अंतर्गत दी जा रही नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।