एसपी त्रिलोक बंसल ने अपराध समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

साइबर अपराध, अवैध गतिविधियों एवं गौ-वंश तस्करी पर सख्त कार्रवाई हेतु आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने पर दिया जोर 

अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवा एवं अन्य अवैध कार्यो में लिप्त लोगो के खिलाफ सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश 

सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के साथ करने दिए गए निर्देश 

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने दिए निर्देश 
बेमेतरा 31 अक्टूबर 2026 - पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं समस्त थाना/चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराधों एवं साइबर अपराधों की थानावार समीक्षा की गई। एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों को अपने सुपरवीजन में पुराने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। 
       बैठक में एसपी त्रिलोक बंसल ने लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान एवं विवेचनाधीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विवेचना में तेजी लाने, समय-सीमा में अभियोग पत्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब, जुआ-सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं एवं ऑनलाइन साइबर अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा ऑपरेशन मुस्कान के तहत महिला एवं बच्चों से संबंधित मामलों का त्वरित निराकरण करने पर विशेष जोर दिया। 
   उन्होंने नवीन भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए कहा कि नए कानूनों के अनुरूप विवेचना की प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाया जाए। समय-सीमा से संबंधित आपराधिक प्रकरणों में 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। 
      एसपी त्रिलोक बंसल ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने तथा स्थानीय समस्याओं का त्वरित निराकरण करने निर्देशित किया। थानों एवं चौकियों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनने तथा महिलाओं एवं बुजुर्गों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। 
           एसपी ने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराध एवं एटीएम फ्रॉड की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साइबर जागृति अभियान के माध्यम से ग्रामों, हाट-बाजारों, स्कूल एवं कॉलेजों में आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में म्यूल बैंक खातों की पहचान कर उन्हें तत्काल फ्रीज कराने आवश्यक कार्रवाई करने कहा। साथ ही सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने एवं सामाजिक गतिविधियों में पुलिस की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया। 
     जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विशेष अभियान चलाकर स्थायी वारंटों की तामिली, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, विजिबल पुलिसिंग एवं रात्रि गश्त प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गौ-वंश तस्करी एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। 
    एसपी त्रिलोक बंसल ने विवेचना को अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक बनाने के लिए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को प्रत्येक प्रकरण में ई-साक्ष्य के माध्यम से समयबद्ध एवं वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। न्यायालयीन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए ई-समन की समय पर तामिली, नफीस एवं फिंगर प्रिंट प्रणाली का अधिकतम उपयोग तथा ई-चालान समय पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाना एवं न्यायालयीन प्रक्रिया को गति देना पुलिस की प्राथमिकता है। 
          बैठक में मोटरयान से संबंधित सड़क दुर्घटनाओं में घायल पीड़ितों को पीएम राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आई-रेड एवं ई-डार प्लेटफॉर्म के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर घायलों को दुर्घटना के बाद अधिकतम 7 दिनों तक किसी भी नामित अस्पताल में 150000 तक की कैशलेस उपचार सुविधा का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। 
        बैठक के अंत में एसपी त्रिलोक बंसल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करें। प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण विवेचना, समयबद्ध कार्रवाई एवं आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। 
      उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना एवं पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है। जिले में अपराध नियंत्रण एवं बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी एवं सक्रियता के साथ कार्य करें। 
       उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, रीडर -1 निरीक्षक कृष्ण कांत सिंह, एवं थाना/चौकी प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, मयंक मिश्रा, चंद्रदेव वर्मा, सत्य प्रकाश उपाध्याय, अजय सोनकर, दुलेश्वर चंद्रवंशी, सुरेन्द्र मानिकपुरी, उप निरीक्षक योगेश अग्रवाल, राजकुमार साहू, डिग्री लाल सोना, अलील चंद, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निधि गुप्ता, ईश्वरी कुमारी डुप्ले, सतवन सिंह, सुरज प्रकाश, सुरेन्द्र कुमार, विजयेन्द्र कुमार कश्यप, सहायक उप निरीक्षक कंवल सिंह नेताम, दीनानाथ सिन्हा, कृष्ण कुमार क्षत्री, विष्णु सप्रे, प्रधान आरक्षक मोहित चेलक, लोकेश सिंह, आरक्षक पंचराम घोरबंधे, समेत कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ