कारनामा ए प्रशासन - 90 वर्षीय जीवित वृद्ध महिला को राशन और पेंशन के लाले
जानकारी पर पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे बदनारा पहुंच महिला से मिल की चर्चा
बेमेतरा 14 नवंबर 2026 - बेमेतरा जिले में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया हैं। जिसमें 90 वर्षीय एक जीवित वृद्ध महिला को मृत घोषित कर उसके तमाम शासकीय सुविधाओं को बंद/खत्म कर दिया गया हैं। जिसके चलते उस वृद्ध महिला व परिजनों को जीवन निर्वहन करने में दिक्कतों व समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हैं।
उक्त मामला जिलें के नवागढ़ ब्लॉक के नांदघाट तहसील अंतर्गत ग्राम बदनारा की निवासी 90 वर्षीय श्रीमती खोरबहरीन बाई मानिकपुरी को कागजों में मृत बता दिया गया है, जबकि वे जीवित हैं। कागजों में मृत घोषित होने के कारण उन्हें राशन सहित सारी सरकारी सुविधाओं से वंचित कर दिया गया है।
जानकारी पर पहुंचे पूर्व विधायक
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ग्राम बदनारा पहुंचे और पीड़ित महिला से मुलाकात की। उन्होंने महिला की स्थिति देखी और परिजनों से पूरी जानकारी ली।
राशन और पेंशन बंद होने से परेशानी
परिजनों का कहना है कि 90 वर्ष की उम्र में वृद्धा को राशन और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं का सहारा था, लेकिन कागजी गलती के कारण सब कुछ बंद हो गया। इससे परिवार परेशान है और महिला को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जीवित व्यक्ति को मृत बताना बेहद गंभीर लापरवाही, प्रशासन जांच कर तत्काल करें बहाल
पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ने कहा कि जीवित व्यक्ति को मृत बताना बेहद गंभीर लापरवाही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जांच कर महिला का नाम पुनः जीवित सूची में जोड़ा जाए और उनकी राशन, पेंशन सहित सभी सरकारी सुविधाएं बहाल की जाएं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गलती किसी भी बुजुर्ग के साथ नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए व्यवस्था को दुरुस्त करना चाहिए ताकि भविष्य में किसी और के साथ ऐसा न हो। ग्रामवासियों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522
0 टिप्पणियाँ