बेमेतरा 11 नवंबर 2026 - छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति में कार्तिक मास का महत्वपूर्ण स्थान है। इस मास में पांच दिनों तक दीपावली पर्व अलग-अलग नाम व संदर्भों के साथ मनाया जाता है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ी राउत यदुवंशियों द्वारा द्वापर युग की घटना जिसमें श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को उठाकर यदुवंशियों की रक्षा करने, देवराज इंद्र के घमंड को चूर करने स्वरुप गोवर्धन पूजा और पशुधन की सुरक्षा और निरंतर समृद्धि के प्रतीक स्वरुप राउतों द्वारा ग्राम के गोठन में मातर अवश्य मनाया जाता है।
नगर व ग्रामीण अंचलों में मातर उत्सव
जनजाति शोधार्थी एवं लोक संस्कृति कर्मी राम कुमार, डा. सिया राम साहू, रमेश कुमार साहू ने मातर उत्सव में निहित लोक संस्कृति, सामुहिक समरसता एवं सामुदायिक सद्भावना के तत्वों का अवलोकन कर बताया कि साजा नगर पंचायत सहित क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में मातर धूमधाम और ग्रामीणों की उपस्थिति में मनाई गई। निकटतम ग्राम डोंगीतराई में मातर धूमधाम और अपने पुरखों के चलागन के अनुरुप मनाया गया।
डोंगीतराई में धूमधाम से मनाया मातर उत्सव
ग्राम के सरपंच हृदय राम साहू, उप सरपंच गजाधर ध्रुव सहित राउत समुदाय के वरिष्ठ कृष्णा यादव, बैजू यादव, परमानंद यादव, रिखी यादव, पकला यादव, प्रेम यादव, दशरथ यदु, गंगा राम, समारु, मयाराम, मंइतु, मन्नू, गेंदु, कुंवर, दुलशिया, देवकी, धनेश्वरी, मीना, टेटकी बाई के सहयोग से विगत वर्षों की तरह बेहद आकर्षक और पारंपरिक रुप से मातर का आयोजन किया गया।
मातर में पुरातन परंपरा का पालन
प्रारंभ में अपने घर के देवी देवताओं की पूजा-अर्चना, काछन जागते हुए, खोड़हर पूजा-अर्चना, कलसा में दीप प्रज्वलित कर महिलाओं ने अपने सिर पर बॉंस से बनी दौरी को रखकर घरों से बाजा गाजा के साथ शोभा यात्रा निकाल कर दाऊ बाड़ा जाकर देव पूजा और ठाकुरों को जोहार कर व मातर में आमंत्रित करते हुए गोठान में एकत्र हुए। जहां श्रीकृष्ण और नंदी की प्रतिमा स्थापित है। वहां पारंपरिक रुप से पूजा-अर्चना कर खोड़हर देव की स्थापना की गई।
ग्राम प्रमुखों की उपस्थिति में यदुवंशियों ने निभाई रस्में
वरिष्ठजनों द्वारा उसमें नए वस्त्र, सोहई, फूलों की माला आदि पहना कर लोक अनुष्ठान को पूर्ण किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण और यदुवंशियों द्वारा गायों को खोड़हर देव के चारों ओर दौड़ाकर मातर मनाने की प्रक्रिया को प्रारंभ किया गया। इस दौरान राउत नर्तकों द्वारा पारंपरिक दोहों सहित आल्हा-ऊदल, राम, कृष्ण से संबंधित दोहों का वाचन किया गया। वहीं नवयुवकों ने पारंपरिक तरीके से अखाड़ा, लाठी चलाकर अपनी कला- कौशल का प्रदर्शन करने में काफी रुचि दिखाए। इस मौके पर राउत समुदाय सहित ग्रामीणों की काफी संख्या में उपस्थिति रही।
By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522
0 टिप्पणियाँ