बेमेतरा 01 नवंबर 2026 - डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता बेमेतरा में कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को दो दिवसीय परफॉर्मेंस एन्हांसमेंट प्रोग्राम (पीईपी) का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की विषयगत दक्षता को बढ़ाने, शिक्षण पद्धतियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्टता लाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन के साथ हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ डीएवी संस्थान के प्रमुख व क्षेत्रीय अधिकारी व प्रशिक्षण समन्वयक प्रशांत कुमार तथा सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सीजी ज़ोन-डी बीपी साहू के कुशल मार्गदर्शन में दो दिवसीय कार्यक्रम सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। दोनो अधिकारीयो के कुशल मार्गदर्शन में मास्टर टैंनरो द्वारा प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर परीक्षा परिणामों के लिए प्रेरित किया।
छह विद्यालयों हुए शामिल
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण में छह डीएवी विद्यालयों डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता (बेमेतरा), धरमपुरा (कवर्धा), लडुवा (कवर्धा), कोतरी (मुंगेली), जरेली तथा फुलवारी के शिक्षकों ने सहभागिता की। इन सभी पाँच विद्यालयो के प्राचार्य भी उपस्थित रहे, विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने शिक्षकों को विषयवस्तु की गहन समझ, प्रभावी शिक्षण तकनीकों, परीक्षा की तैयारी, विद्यार्थियों की कठिनाइयों के समाधान तथा बेहतर शैक्षणिक परिणाम प्राप्त करने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया।
विषय विशेषज्ञों ने किया शिक्षकों का मार्गदर्शन
सामाजिक विज्ञान में रानू खंडूजा तथा अंग्रेजी में बप्पादित्य बाग (डीएवी आईपीएस नंदिनी) ने प्रशिक्षण प्रदान किया। भौतिकी में एमआर राव (डीएवी पीएस एसीसी जामुल) एवं गौरव सिंह राजपूत (डीएवी एमएमपीएस जरेली), रसायन विज्ञान में सुपर्णा बोस (डीएवी पीएस एसीसी जामुल) तथा जीव विज्ञान में धन्या विजयन (डीएवी आईपीएस सेक्टर-2) ने अपने विषयगत अनुभव साझा किए। गणित में रविशंकर (डीएवी पीएस एसीसी जामुल) एवं गजाधर (डीएवी एमएमपीएस धरमपुरा) तथा वाणिज्य विषय में रतीश नायर (डीएवी आईपीएस सेक्टर-2) ने व हिंदी विषय में राम गोपाल सेन (डीएवी एमएमपीएस फुलवारी) एवं पीएल जायसवाल (डीएवी एमएमपीएस जांता) ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।
अतिथियों में शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे उपस्थित
प्रशिक्षण के समापन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेमेतरा से मुख्यअतिथि में सहायक संचालक एसपी कोशले एवं विशिष्ट अतिथि में स्थापना प्रकोष्ठ प्रभारी संजय यादव व सहायक सांख्यिकी अधिकारी राजकुमार वर्मा एवं अति विशेष अतिथि में डाइट बेमेतरा के व्याख्याता एवं एएसईआर सर्वेक्षण-2026 के जिला नोडल अधिकारी थलज कुमार साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की निरंतर क्षमता-वृद्धि तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के महत्त्व पर प्रकाश डाला।
बनाई प्रभावी रणनीतियाँ
दो दिवसीय प्रशिक्षण ने शिक्षकों को अपने अनुभव साझा करने, नवीन शिक्षण पद्धतियों को समझने और बोर्ड परीक्षाओं के लिए अधिक प्रभावी रणनीतियाँ तैयार करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल परीक्षा परिणामों में सुधार करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में विषयों के प्रति समझ, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता को भी विकसित करना रहा।
मार्गदर्शन और सामूहिक प्रयासों से मिलेगा उत्कृष्ट परिणाम
विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने प्रशिक्षण को शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में उपयोगी पहल बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों से आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। यह आयोजन शिक्षा में उत्कृष्टता, नवाचार और सामूहिक संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण बना। कार्यक्रम को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने में डी ए वी जांता के समस्त स्टाफ़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, अंत मे शान्ति पाठ के साथ समापन किए।
By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522
0 टिप्पणियाँ