सहकारिता को मजबूत बनाने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें नवनियुक्त अध्यक्ष - विधायक दीपेश साहू

नवनियुक्त सेवा सहकारी समिति अध्यक्षों ने विधायक दीपेश साहू से की सौजन्य मुलाकात कर जताया आभार 
बेमेतरा 26 नवंबर 2026 - बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सेवा सहकारी समितियों में नवनियुक्त अध्यक्षों ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। इस दौरान नवनियुक्त अध्यक्षों ने विधायक से मार्गदर्शन प्राप्त किया और किसानों के हित में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। 

सहकारिता को मजबूत बनाने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें नवनियुक्त अध्यक्ष 
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने सभी नवनियुक्त समिति अध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ और किसानों की समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार हैं। सहकारिता के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, कृषि सुविधाओं को बेहतर करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में समितियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास और उनकी सेवा का अवसर है। सभी नवनियुक्त अध्यक्ष पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। 
     विधायक ने अध्यक्षों को कहा कि वे सभी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके निराकरण के लिए प्राथमिकता के साथ पहल करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अध्यक्ष आपसी समन्वय और सकारात्मक सोच के साथ सहकारिता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नवनियुक्त समिति अध्यक्षों ने जताया विधायक का आभार 
इस दौरान सेवा सहकारी समिति गांगपुर के नवनियुक्त अध्यक्ष मुरलीधर वर्मा ने विधायक दीपेश साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए समिति की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा प्रत्येक पात्र किसान तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। 
        वहीं सेवा सहकारी समिति मोहभट्टा के अध्यक्ष अनेश यादव ने विधायक के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सहकारिता के मूल उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए किसानों के हितों की रक्षा, पारदर्शी व्यवस्था और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के विश्वास पर खरा उतरना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी।
          सेवा सहकारी समिति केसडबरी के नव नियुक्त अध्यक्ष गौतम पटेल ने भी विधायक दीपेश साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके लिए वे सभी का धन्यवाद करते हैं। वे किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। समिति के माध्यम से किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने, उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने तथा सहकारिता व्यवस्था को अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसानों के हित में सदैव उपलब्ध रहकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। 

विधायक से मुलाकात में उपस्थित अध्यक्षगण 
इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्षगणों में सेवा सहकारी समिति केसडबरी अध्यक्ष गौतम पटेल, कंतेली सोसायटी अध्यक्ष भागीरथी साहू, सल्धा सोसायटी अध्यक्ष बिसौहा वर्मा, बीसन साहू, टेकश्वर सेन, मेला राम, सोभन डेविड वर्मा, अंजोर दास टंडन, सतीश यादव, नरेश यादव, मुकेश पटेल, गोवर्धन साहू, पूरब मार्कण्डेय, सोभास सिन्हा, मोनू पाल, कृष्णा पाल, भुखन साहू एवं उमेंद्र ध्रुव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ