अंचल के मटिया, बारगांव, बलौदी सहित असपास के गांवों में पारंपरिक गीतों और तालियों की थाप
बेमेतरा 05 नवंबर 2026 - दीपावली पर्व नजदीक आते ही जिलें के बेरला ब्लाक के मटिया, बारगांव, बलौदी सहित असपास के गांव में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति की छटा बिखरने लगी है। दीपावली के अवसर पर महिलाओं द्वारा घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों के सामने सुआ नृत्य प्रस्तुत कर लोगों से नेग लेने की परंपरा सदियों पुरानी है। हालांकि आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के चलते यह परंपरा धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है, लेकिन आज भी कुछ महिलाएं इस सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने के लिए पूरे उत्साह के साथ सुआ नृत्य कर रही हैं।
सुवा नृत्य में बलौदी की बैशाखी यादव, कांति निषाद, त्रिवेणी निषाद, यशोदा साहू, कमला यादव, रेवती विश्वकर्मा, देविका, दुर्गेश्वरी यादव, कौशल निषाद। वहीं मटिया की सुवा नृत्य में राम भाई ध्रुव, सरोज, इंदिरा, गजरा ध्रुव, बेबी वर्मा, राजो ध्रुव, सुशीला सेन, कृष्णा ध्रुव कुमारी ध्रुव, मिलवंती निषाद, तारिणी साहू अपनी सुआ नृत्य से लोक संस्कृति से गांव की शोभा बढ़ा रही हैं।
सुआ नृत्य बनी आकर्षण का केंद्र
इन दिनों मटिया, बारगांव, बलौदी सहित असपास के गांव की सड़कों और बाजारों में महिलाओं की टोलियां सुआ नृत्य करती नजर आ रही हैं। विभिन्न रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाएं दुकानों और कार्यालयों के सामने पहुंचकर सुआ नृत्य की प्रस्तुति दे रही हैं। पारंपरिक गीतों और तालियों की थाप के बीच महिलाएं नृत्य कर लोगों से नेग स्वरूप पैसे प्राप्त कर रही हैं। उनकी यह प्रस्तुति बाजार में आने-जाने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का हिस्सा
सुआ नृत्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कभी गांवों और कस्बों में दीपावली के दौरान इसकी विशेष रौनक देखने को मिलती थी, लेकिन बदलते दौर में नई पीढ़ी के बीच इन पारंपरिक लोक कलाओं का प्रचलन कम होता जा रहा है। ऐसे में बारगांव व बलौदी की कुछ महिलाओं द्वारा सुआ नृत्य के माध्यम से इस परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास सराहनीय है। लोक संस्कृति से जुड़ी ऐसी परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान बनी रहे।
By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522
0 टिप्पणियाँ