दुर्ग शहर एवं राष्ट्रीय-राज्य राजमार्गों पर आवारा पशुओं के जमावड़े से बढ़ रही दुर्घटनाएं

प्रांताध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन सौंप की मांग, ज्ञापन की प्रति कलेक्टर, उपसंचालक पशु, ईई एनएच व pwd को 

जी.ई. रोड और शहर के मुख्य मार्गों से तत्काल आवारा पशुओं को हटाने, पशुपालकों पर जुर्माना, पशुओं के गले में रेडियम बैंड लगाने और सुरक्षित गौशाला भेजने का आग्रह 
दुर्ग 22 सितंबर 2026 - दुर्ग शहर के आंतरिक मार्गों जी.ई. रोड तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर लगातार बढ़ रहे आवारा व घुमंतू पशुओं के जमावड़े को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन (अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ) के प्रांताध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने आयुक्त नगर निगम दुर्ग को ज्ञापन सौंपकर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है। 
    ज्ञापन के माध्यम से ध्यान आकर्षित कराया गया है कि शासन के स्पष्ट एवं कड़े निर्देशों के बावजूद सड़कों पर लावारिस विचरण करने वाले पशुओं पर अब तक कोई स्थाई नियंत्रण नहीं हो सका है। इसके कारण आम नागरिकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

प्रमुख समस्याएं
जानलेवा सड़क दुर्घटनाएं : राजमार्गों एवं जी.ई. रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक मवेशियों के आ जाने से आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। 
यातायात बाधित होना : सड़कों के बीचों-बीच पशुओं के बैठे रहने से आए दिन शहर में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है।
स्वास्थ्य जोखिम: सार्वजनिक स्थलों एवं मुख्य मार्गों पर फैल रही गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। 
संघ की प्रमुख मांगें
विशेष अभियान : जी.ई. रोड, एन.एच. तथा शहर के सभी मुख्य मार्गों से आवारा मवेशियों को हटाने के लिए काऊ कैचर टीम तैनात कर प्राथमिकता के आधार पर विशेष अभियान चलाया जाए। 
सुरक्षित विस्थापन : पकड़े गए पशुओं को कांजी हाउस अथवा शासन द्वारा अधिकृत गौशालाओं में सुरक्षित रूप से पुनर्वासित किया जाए। 
पशुपालकों पर दंडात्मक कार्रवाई : मवेशियों को सड़कों पर खुला छोड़ने वाले गैर-जिम्मेदार पशुपालकों को चिह्नित कर उन पर कड़ा जुर्माना लगाया जाए तथा पुनरावृत्ति होने पर कानूनी कार्रवाई की जाए। 
रेडियम बैंड की व्यवस्था : रात्रि के समय होने वाले हादसों को रोकने के लिए आवारा पशुओं के गले में रिफ्लेक्टिव/रेडियम बैंड लगाए जाएं। 
    जनहित एवं राहगीरों की जीवन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर समस्या पर तत्काल कड़ा कदम उठाने की अपील की गई है। 

ज्ञापन की प्रतिलिपि 
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर (दुर्ग), उपसंचालक (पशु चिकित्सा सेवाएं दुर्ग) एवं कार्यपालन अभियंता (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड/PWD दुर्ग) को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ प्रेषित की गई है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ