विदेश मंत्रालय द्वारा प्रभावित लोगों एवं परिजनों का पता लगाने तथा संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें राज्य स्तर से जानकारी संकलित कर की जा रही है साझा - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई

नेपाल में फंसे जिले के लोगों की जानकारी जुटाने के निर्देश, कलेक्टर ने जारी की अपील 

राहत एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर बेमेतरा प्रशासन अलर्ट, नोडल अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी 
बेमेतरा 27 अगस्त 2026 - नेपाल में गत दिवस हुई घटना के बाद छत्तीसगढ़ शासन ने प्रदेश स्तर पर अलर्ट जारी किया है। राहत एवं आपदा कमिश्नर के निर्देश के परिपालन में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने बेमेतरा जिले में नेपाल गए ऐसे लोगों की जानकारी तत्काल जुटाने के निर्देश दिए हैं, जिनके लापता होने की सूचना है अथवा जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

जानकारी संकलित कर की जा रही है साझा 
कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने बताया कि विदेश मंत्रालय द्वारा प्रभावित लोगों एवं उनके परिजनों का पता लगाने तथा उनसे संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्य स्तर पर भी जानकारी संकलित कर संबंधित एजेंसियों के साथ साझा की जा रही है। उन्होंने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन अमले को निर्देशित किया है कि नेपाल में लापता या फंसे जिले के लोगों की जानकारी को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ एकत्र कर तत्काल स्टेट कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराया जाए। 

एकत्रित जानकारी ही पता लगाने का आधार 
प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्ति का नाम, पता एवं गृह जिला, संपर्क नंबर, परिवार के सदस्य अथवा रिश्तेदार का नाम एवं मोबाइल नंबर तथा नेपाल में यात्रा या ठहरने से संबंधित उपलब्ध जानकारी जुटाई जा रही है। प्राप्त जानकारी तत्काल राज्य स्तरीय स्टेट कंट्रोल रूम/राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा की जाएगी, ताकि संबंधित व्यक्ति की पतासाजी एवं आवश्यक सहायता के लिए त्वरित समन्वय किया जा सके। 

कलेक्टर की आम नागरिकों से अपील 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके परिवार, रिश्तेदारी या परिचय का कोई व्यक्ति नेपाल में मौजूद है और हालिया घटना के बाद उससे संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पतासाजी के लिए राज्य एवं केंद्र स्तर पर आवश्यक समन्वय किया जाएगा। 
     उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के लापता होने या उसके संबंध में ऐसी आशंका होने पर सूचना देने में देरी न करें। प्राप्त प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाया जाएगा, जिससे समय पर आवश्यक कार्रवाई एवं सहायता सुनिश्चित की जा सके। 

नोडल अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी 
जिला प्रशासन द्वारा इस कार्य के लिए सुश्री पिंकी मनहर डिप्टी कलेक्टर बेमेतरा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनका मोबाइल नंबर 79748-80334 है। वहीं पवन सिंह परमार अधीक्षक (रा.) को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है, जिनका मोबाइल नंबर 96301-98250 है।

सूचना एवं सहायता के लिए संपर्क करें :
स्टेट कंट्रोल रूम : +91-7712223471 
डिजास्टर हेल्पलाइन : 1070 
जिला आपदा राहत शाखा बेमेतरा : 07824-222103 

अपील - जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल में मौजूद अपने परिजनों अथवा परिचितों से संपर्क नहीं हो पाने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल उपरोक्त हेल्पलाइन अथवा नोडल अधिकारियों से संपर्क कर उपलब्ध जानकारी साझा करें, ताकि लापता व्यक्तियों की पतासाजी एवं आवश्यक सहायता के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जा सके। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ