मेजर ध्यानचंद ने अपने अदभुत खेल से पूरी दुनिया में भारत का परचम लहराया - बारगांव सरपंच प्रतिनिधि सच्चिदानंद मिश्रा

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद से प्रेरणा लेकर खिलाड़ियों ने लिया आगे बढ़ने का संकल्प 

बारगांव स्कूल में हुआ राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन 
बेमेतरा 29 अगस्त 2026 - बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के ग्राम बारगांव के खेल मैदान में हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की गौरवपूर्ण स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बारगांव के सरपंच प्रतिनिधि सच्चिदानंद मिश्रा उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम की शुरुवात 
कार्यक्रम की शुरुवात मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर की गई। इस दौरान भारत के इस महान खेल नायक को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 

बारगांव और कुम्ही बालक वर्ग के मध्य फ्रेंडली मैच 
जिसके बाद रोमांचक हॉकी फ्रेंडली मैचों का आयोजन हुआ। पहला मुकाबला बालक वर्ग में बारगांव और कुम्ही के मध्य खेला गया। मैच के प्रारंभ से ही बारगांव के खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कुम्ही को 6–3 के बड़े अंतर से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम के कप्तान चिंताराम पटेल ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल दागे, वहीं टीम के खिलाड़ी देवेन्द्र यादव ने 2 गोल और विजय विश्वकर्मा 1 गोल, दीपक साहू ने 1 गोल कर टीम को जीत दिलाई। वही कुम्ही टीम के ओर से खिलाड़ी कुलदीप कुमार ने 1 गोल, शुभम पात्रे 1 गोल और हिमांशु विश्वकर्मा ने 1 गोल किया। 
बालिका वर्ग में बारगांव और मुड़पार के मध्य दूसरा मैच 
वही दूसरा मुकाबला बालिका वर्ग में बारगांव और मुड़पार के मध्य खेला गया जो बेहद रोमांचक रहा मैच में बारगांव टीम के कप्तान निशा साहू के शानदार 1 गोल, गूंजा साहू 1 गोल और नोमीता साहू ने 1 गोल कर अपनी टीम को 3 गोल तक पहुचाया। वही कुम्ही टीम ने भी अंत तक जोरदार टक्कर देते हुए गरिमा निषाद 1 गोल, सोनिया विश्वकर्मा 1 गोल किया। अंत में बारगांव टीम ने यह मुकाबला 3–2 से अपने नाम किया। 

मेजर ध्यानचंद ने अपने अदभुत खेल से पूरी दुनिया में भारत का परचम लहराया 
मुख्य अतिथि सरपंच प्रतिनिधि सच्चिदानंद मिश्रा ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जीवन इस बात का प्रतीक है कि अगर मन में दृढ़ संकल्प और देश के लिए कुछ करने का जज्बा हो तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी देशप्रेम से दुनिया जीती जा सकती है। आज हमारे बारगांव के बच्चे भी उसी खेल भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं। 

उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र को कर रहे गौरवान्ति 
विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका (कोच) तुलसी साहू के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में बारगांव के बच्चे हॉकी खेल में राज्य स्तरीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर स्वर्णिम सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्ति कर रहे है। 
खेलों से होता है बच्चों का सर्वांगीण विकास 
प्राचार्य श्याम सिंह ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जीवन हर खिलाड़ी और छात्र के लिए एक महान सीख है। उन्होंने अपने कड़े अनुशासन अटूट समर्पण और देशप्रेम के बल पर विश्व पटल पर भारत का परचम लहराया विद्यालय केवल किताबी ज्ञान का केंद्र नहीं है बल्कि खेलकूद बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए उतने ही जरूरी हैं। 

जीवन में अनुशासन और सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं खेल 
शाला विकास समिति अध्यक्ष सतीश यादव ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जीवन हर खिलाड़ी के लिए एक महान सीख है, हमारे ग्रामीण अंचल के बच्चों में भी वही अद्भुत प्रतिभा छिपी हुई है उन्होंने देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया। 

मेजर ध्यानचंद का जीवन हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणा 
इस गरिमामयी अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका (कोच) तुलसी साहू ने कहा कि हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है और इस खेल को दुनिया भर में पहचान दिलाने वाले हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जीवन हर खिलाड़ी के लिए एक महान प्रेरणा है, उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी देश को लगातार तीन ओलंपिक गोल्ड मेडल दिलाए और तिरंगे का मान बढ़ाया, आज के युवाओं को खेल भावना के साथ-साथ उनके अनुशासन और देशप्रेम को अपने जीवन में उतारना चाहिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र/छात्राएं और खेल प्रेमी जन उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ