नेताओं और अधिकारियों की अनदेखी से जानलेवा बनी सड़क
सड़क मार्ग में आते हैं संडी और सलधा धार्मिक स्थल
समस्या व परेशानी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, विभाग को हैं स्वीकृति का इंतजार
बेमेतरा 26 अगस्त 2026 - जिला बेमेतरा के ब्लॉक बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहभट्ठा से भेड़नी तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क पिछले दस वर्षों से अत्यंत जर्जर स्थिति में है। कभी आवागमन को सुगम बनाने के लिए निर्मित यह मार्ग अब ग्रामीणों के लिए हादसों का जरिया बन चुका है।
उपेक्षा के शिकार ग्रामीण
क्षेत्र से जनप्रतिनिधियों, सांसदों और प्रशासनिक अधिकारियों का लगातार गुजरना होता है, लेकिन इसके बावजूद इस बदहाली पर सभी की चुप्पी ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। जिसके कारण ग्रामीण व क्षेत्रवासी अपने आप को उपेक्षित महसूस करने लगें हैं।
निरीक्षण और मॉनिटरिंग की कमी
विभागीय इंजीनियर, एसडीओ और कार्यपालन अभियंता जैसे जिम्मेदार अधिकारियों पर आरोप है कि वे बिना धरातलीय निरीक्षण और मॉनिटरिंग के केवल दफ्तरों तक सीमित हैं, जिससे जमीनी हकीकत जस की तस बनी हुई है।
संडी और सलधा धार्मिक स्थलों का हैं पहुंच मार्ग
इस बदहाल मार्ग की अहमियत इसलिए भी अधिक है क्योंकि ग्राम संडी स्थित प्रसिद्ध सिद्धि माता मंदिर एवं शिव गंगा धाम सलधा जाने के लिए लाखों श्रद्धालु, नेता और अधिकारी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। नवरात्रि सहित कई पावन पर्व पर यहां विशाल जनसैलाब उमड़ता है, फिर भी किसी का ध्यान इस जानलेवा सड़क की मरम्मत की ओर नहीं जाता।
लगातार घटना दुर्घटना
इस जर्जर सड़क मार्ग के गड्ढों के कारण आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं। हाल ही में रविवार शाम मोहभट्ठा निवासी एक बाइक सवार गहरे गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे उसे सिर, नाक और पैर में गंभीर चोटें आईं।
सुविधाओं के पहुंचने में समय
सड़क की दयनीय हालत का सबसे बुरा असर आपातकालीन सेवाओं और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। 108, 112, 102 और फायर ब्रिगेड जैसी गाड़ियां गड्ढों के कारण समय पर नहीं पहुंच पातीं, जिससे गंभीर स्थिति में मरीजों की जान पर बन आती है।
गड्ढों के गंदे पानी से कपड़े गंदे
वहीं बारिश के मौसम में गड्ढों में भरे पानी और गुजरते बड़े वाहनों से उछलते गंदे पानी के कारण स्कूली बच्चों एवं लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं। खराब रास्तों की वजह से विद्यार्थियों की साइकिलें भी हफ्तों में दम तोड़ देती हैं।
जर्जर पुलिया बहने से बढ़ी समस्या
समस्या यहीं खत्म नहीं होती, पहली ही बारिश में सलधा से डडजरा के बीच चंडी माता मंदिर के समीप कमजोर नाले की पुलिया बह गई, जिससे क्षेत्र का संपर्क टूट गया है और आवागमन में भारी मुश्किलें आ रही हैं। बदहाल सड़क और टूटी पुलिया के कारण क्षेत्रवासियों, विद्यार्थियों और किसानों का जीना दूभर हो गया है।
फाइलों से निकलकर जमीनी स्तर को देखें
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि कागजी फाइलों से निकलकर सड़क का नया निर्माण और पुलिया की तत्काल मरम्मत कराई जाए, अन्यथा वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
खदान, क्रेशर प्लांट व ओवरलोड गाड़ी से हुई सड़क की बदहाली
इस मार्ग पर ग्राम मोहभट्ठा में संचालित पत्थर खदान, क्रेशर प्लांट व ओवरलोड गाड़ी से अंचल की सड़क मार्ग ज्यादा प्रभावित हुए है। जिससे बबड़े बड़े गड्ढे होने के कारण खतरा और भी ज्यादा बढ़ गया है। खदान मालिक ओवरलोड गाड़ी चलाते तो है, लेकिन मरम्मत के नाम पर मुँह मोड़ लेते है। जिसके लिए विभाग भी जिम्मेदार है, जिसने बड़ी गाड़ियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्यवाही नहीं कराया गया और सड़क को बदहाली होने दिया गया।
मार्ग में हैं दो सहकारी समितियां व बैंक
इस मार्ग पर ग्राम मोहभट्ठा और सलधा में दो सहकारी समितियां व बैंक भी स्थित हैं। जहां पर हमेशा किसानों व ग्रामीणों का आना जाना लगा रहता हैं। किसान खाद, बीज, धान, रकम आदि के लिए लगातार सहकारी समिति व बैंक आते जाते हैं। जिससे उनको इस जर्जर सड़क मार्ग पर आवागमन करना पड़ता हैं।
सड़क के नव निर्माण की उठ रहीं मांग
स्थानीय ग्रामीणों सहित राहगीरों में लगातार मांग उठ रहीं हैं। वहीं विभाग, शासन, प्रशासन से अपील कर रहे है कि जल्द सड़क का नव निर्माण किया जाए। जिससे सड़क में लोगों का आवागमन सुचारू रूप से सुविधा पूर्ण व सुरक्षित हो सके।
मोहभट्ठा से भेड़नी सड़क मार्ग व पुल निर्माण कार्य का प्रस्ताव शासन को भेजा गया हैं, स्वीकृति आने पर तत्काल निर्माण कार्य कराया जाएगा। ---- मुकेश सागरकर, ईई, पीएमजीएसवाय बेमेतरा
0 टिप्पणियाँ