बारगांव बेरला के दो होनहार खिलाड़ियों का आवासीय खेल अकादमी रायपुर में हुआ चयन

बारगांव स्कूल के विद्यार्थी खिलाड़ी तन्नू बेग एवं ओमकार निषाद अकादमी में रहकर सीखेंगे हॉकी खेल की बारीकियां 
बेमेतरा 17 जून 2026 - बच्चों की तुलना यूं ही नहीं आने वाले सुनहरे कल से की जाती है, ये बच्चे ही होते हैं जो अपने परिवार,अपने क्षेत्र और देश का सुनहरा भविष्य सुनिश्चित करते हैं। बारगांव के छात्र/छात्राएं हॉकी खेल में अपनी खास पहचान बना रही है, ये खिलाड़ी न सिर्फ बारगांव के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय हैं। बारगांव हॉकी की नर्सरी नई प्रतिभाओं को निखारने और भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बारगांव ग्रामीण अंचल के दो होनहार हॉकी खिलाड़ियों ने ऐसा ही कुछ किया है। 
     खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर स्थित आवासीय खेल अकादमी में हॉकी के लिए चयन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बेमेतरा जिला अंतर्गत विकासखण्ड बेरला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव की व्यायाम शिक्षिका व हॉकी कोच तुलसी साहू के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय के दो होनहार खिलाड़ियों का चयन अवासीय खेल अकादमी रायपुर में हॉकी खेल लिए हुआ है, जिसमें विद्यालय की कक्षा 12 वी की छात्रा तन्नू बेग एवं कक्षा 11 वी के छात्र ओमकार निषाद का चयन हुआ है, जहां वे दोनों खिलाड़ी आवासीय खेल अकादमी में रहकर हॉकी खेल की बारीकियां सीखेंगे। 
   हॉल ही में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा मध्यप्रदेश राज्य के ग्वालियर शहर में आयोजित राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ी तन्नू बेग ने छत्तीसगढ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया था एवं राजनांदगांव में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग टीम से खेलते हुए अपने कलात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत क्षेत्र का नाम रोशन किया था।
        इसी प्रकार खिलाड़ी ओमकार निषाद ने कोरबा में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक पर कब्जा किया था। निरंतर अभ्यास और समर्पण व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू स्कूल ग्राउंड में रोजाना सुबह और शाम बारगांव, मटिया, कुम्ही, खर्रा, देवरी सहित आस पास क्षेत्रों के 70 से 80 छात्र छात्राओं को कड़ी मेहनत के साथ हॉकी खेल का नियमित अभ्यास कराती है। 
   व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू ने बताया कि रायपुर स्थित आवासीय खेल अकादमी में हॉकी खेल के लिए चयन ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित किया था, जिसमें विद्यालय से तन्नू बेग एवं ओमकार निषाद ने भाग लिया जहां दोनों ने अपने अपने खेल का उम्दा प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों का चयन उत्कृष्ट खेल कौशल के आधार पर हॉकी आवासीय अकादमी रायपुर के लिए हुआ है, जहां शासन की आवासीय खेल अकादमी में खिलाड़ियों को मुफ्त उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, अच्छी डाइड, किट और शिक्षा जैसी सुविधाएं मिलेगी। 
     बारगांव विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आवासीय खेल अकादमी में विद्यालय के दो छात्रों का चयन होना गर्व की बात हो है। व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू के कड़े अभ्यास और उत्कृष्ट तकनीकी मार्गदर्शन की बदौलत बारगांव को अब क्षेत्र में हॉकी खेल गांव के नाम से भी एक नई पहचान मिल रही है। साथ ही समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।