कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारको को-ऑर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समन्वय समिति की बैठक हुई आयोजित
बेमेतरा 23 जून 2026 - जिले में नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणाममूलक बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित दिशा सभाकक्ष में जिला स्तरीय नारको को-ऑर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने की। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम, अवैध कारोबार पर नियंत्रण, जनजागरूकता गतिविधियों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि नशा केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चुनौती है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति विशेष रूप से युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही है, जिससे परिवार और समाज दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन एवं बिक्री पर सतत निगरानी रखी जाए तथा ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि नशे के नेटवर्क को प्रभावी रूप से समाप्त किया जा सके।
जनजागरूकता अभियान को और व्यापक बनाने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि केवल कार्रवाई से नशे की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए लोगों में जागरूकता लाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित रूप से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देकर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
तस्करों और अवैध कारोबारियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने नशा तस्करों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने पर जोर देते हुए कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि तस्करी के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
समन्वित प्रयासों से बनेगा नशामुक्त बेमेतरा
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर चर्चा की। इस दौरान जिले में संचालित जागरूकता कार्यक्रमों, प्रवर्तन कार्यवाहियों तथा पुनर्वास संबंधी प्रयासों की समीक्षा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशे के विरुद्ध अभियान को और अधिक व्यापक, प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाया जाएगा, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता पद्माकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ