स्कूली एवं आंगनबाड़ी बच्चों की नेत्र जांच, मोतियाबिंद नियंत्रण एवं नेत्रदान जागरूकता पर विशेष जोर
बेमेतरा 11 जून 2026 - राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में संचालित गतिविधियों की समीक्षा हेतु 4 जून 2026 को कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बेमेतरा के प्रशिक्षण कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी (अंधत्व) डॉ. बीएल राज के निर्देशन में संपन्न हुई। बैठक में जिले के समस्त नेत्र सहायक अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों की पहचान एवं उपचार, विटामिन-ए की कमी से होने वाली रतौंधी (नाइट ब्लाइंडनेस), आंखों में धुंधलापन, अत्यधिक आंसू आना तथा अन्य नेत्र रोगों से संबंधित मरीजों की जांच एवं सूची तैयार करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में आंगनबाड़ी एवं स्कूली बच्चों की नियमित नेत्र जांच पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार से उनके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को बेहतर बनाया जा सकता है। इसके लिए विद्यालय एवं आंगनबाड़ी स्तर पर व्यापक जांच अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में वार्षिक कार्ययोजना, जिला चिकित्सालय में मोतियाबिंद ऑपरेशन की कार्ययोजना, नेत्र रोगियों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही नेत्रदान एवं देहदान जैसे मानवता के महान कार्यों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला सहायक नोडल अधिकारी विद्यासागर रात्रे सहित जिले के सभी नेत्र सहायक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आमजन से नेत्रदान एवं देहदान के लिए आगे आने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की गई, ताकि जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी और जीवनोपयोगी सहायता मिल सके।