"विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" अभियान के तहत 18 से 20 जून तक लगेंगे वृहद पंजीयन शिविर
केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने विशेष पहल
बेमेतरा 16 जून 2026 - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आम नागरिकों को शासन की जनहितकारी योजनाओं से जोड़ने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी राजस्व अनुविभाग स्तर पर 18 जून से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
इन शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए नए पंजीयन, दस्तावेजों में त्रुटि सुधार, लंबित प्रकरणों का निराकरण तथा हितग्राहियों की समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था की जाएगी। शासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
शासन द्वारा संचालित यह विशेष अभियान समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शिविरों में नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही पंजीयन एवं आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े।
इन योजनाओं के लिए होगा पंजीयन
तीन दिवसीय शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएं तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।
एसडीएम होंगे नोडल अधिकारी
शिविरों के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक राजस्व अनुविभाग में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। उनके नेतृत्व में सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर शिविरों का संचालन करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि अधिकतम संख्या में पात्र नागरिकों को लाभ मिल सके।
व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार शिविरों के आयोजन से पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मुनादी, कोटवारों, स्थानीय समाचार पत्रों, जनप्रतिनिधियों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को शिविरों की जानकारी दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
शासन आम नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : कलेक्टर
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने जिले में इस महत्वाकांक्षी अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार जनकल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं तथा यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने के साथ-साथ विकास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों में आयोजित पंजीयन शिविरों में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अन्य पात्र लोगों को भी इसकी जानकारी दें।