सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर करें संपर्क, पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर - बेमेतरा पुलिस
बेमेतरा 25 जून 2026 - बेमेतरा जिले के नवागढ़ क्षेत्र में डायल-112 सेवा टीम की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक युवक की जान बच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फांसी के फंदे पर झूल रहे युवक को तत्काल नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
डायल-112 सेवा टीम नवागढ़ को सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 15 तिलका पारा निवासी एक युवक शराब के नशे में अपने कमरे में फांसी लगाने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम एवं थाना नवागढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि युवक कमरे के अंदर पंखे से लुंगी का फंदा बनाकर झूल रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 में तैनात आरक्षक विजय कुमार घृतलहरे, चालक सोमेश साहू तथा थाना नवागढ़ स्टाफ के प्रधान आरक्षक राजीव शर्मा, आरक्षक भूपेंद्र चंद्रवंशी और राहुल दुबे ने तत्काल कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
युवक की जान बचाने के बाद पुलिस टीम ने उसे तत्काल डायल-112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ पहुंचाया, जहां उसका उपचार हेतु भर्ती किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) ने डायल-112 सेवा में तैनात आरक्षक विजय कुमार घृतलहरे, चालक सोमेश साहू तथा थाना नवागढ़ के प्रधान आरक्षक राजीव शर्मा, आरक्षक भूपेंद्र चंद्रवंशी और राहुल दुबे सहित पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में कार्य करना गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है तथा आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती शशीकला उईके, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने भी डायल-112 टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अपील - बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर संपर्क करें। पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर है।
0 टिप्पणियाँ