जनता की सेवा और समस्याओं का समाधान ही सरकार की प्राथमिकता - बेमेतरा विधायक दीपेश साहू

नगर पालिका बेमेतरा क्षेत्र अंतर्गत सिंघौरी में जनसमस्या निवारण शिविर हुआ आयोजित 

स्वच्छता, जल संरक्षण और पौधरोपण का दिया संदेश, हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ 
बेमेतरा 20 मई 2026 - शासन की मंशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बेमेतरा द्वारा सिंघौरी स्थित नवधा चौक में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं, मांगें एवं आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच साबित हुआ। 

जनता की समस्याएं प्राथमिकता से हो हल - विधायक 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने शिविर में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं तथा विभागीय अधिकारियों से आवेदनों के निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। विधायक श्री साहू ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का माध्यम है। प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर समस्याएं सुन रहा है और मौके पर निराकरण का प्रयास कर रहा है, जिससे आमजन का भरोसा शासन-प्रशासन पर और मजबूत हुआ है। 

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश 
शिविर के दौरान विधायक दीपेश साहू ने नगरवासियों से बेमेतरा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण करने एवं पौधों के संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सोख्ता गड्ढा निर्माण करने की भी अपील की। 

पालिका द्वारा सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं तथा जनता की समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। 

विभागों के स्टॉल से दी गई योजनाओं की जानकारी 
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में स्कूली शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पशुधन विकास विभाग, श्रम विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं लोक सेवा केंद्र सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता रही। 

हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं लाभ का वितरण 
शिविर में भानु बाई वर्मा, चैती बाई साहू एवं प्रेमिन वर्मा को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिसके माध्यम से उन्हें पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी। नोनी सुरक्षा योजना अंतर्गत गरिमा साहू एवं विद्या वर्मा को एलआईसी बीमा बांड प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं कनक वर्मा एवं हर्षिता वर्मा को सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक वितरित की गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत श्रीमती नील वर्मा एवं दीपिका श्रीवास को 5-5 हजार रुपये का चेक एवं सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

नशा मुक्ति का लिया संकल्प 
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने समाज को नशामुक्त बनाने, युवाओं को जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। 
   इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, रजककार कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, एडीएम प्रकाश भारद्वाज, रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, महामंत्री संदीप यादव, पार्षद विकास तंबोली, नीतू कोठारी, रोशन दत्ता, दोहाई वर्मा, भानु राम साहू सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।