साजा के सुशासन तिहार को लेकर शासन, प्रशासन की नाकामी को छुपाने का माध्यम बनने का लगाया आरोप
महंगाई, खाद, गैस, पेट्रोल, डीजल की समस्या से लोग परेशान, दूर दूर तक कोई राहत नहीं
बेमेतरा 20 मई 2026 - नगर पंचायत साजा में 20 मई को सुशासन तिहार शिविर का आयोजन हुआ, जिसको लेकर नपं के नेताप्रतिपक्ष ने इसे महज नौटंकी बनकर रह जाना कहा गया। साजा में आयोजित शिविर में किसी भी हितग्राहियों को कोई लाभ नहीं मिला, न ही कोई समस्या का निराकरण हुआ।
नगर पंचायत साजा के नेताप्रतिपक्ष जनार्दन सिंह ठाकुर ने सरकार के सुशासन तिहार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 44 डिग्री तापमान में आस लगाए बैठे रहे, पर लोगों को सिर्फ आश्वासन मिला। सिर्फ खाना पूर्ति के लिए लोगों से आवेदन लेकर पावती पकड़ा दिए।
उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार में लोगों द्वारा सबसे ज्यादा आवेदन आवासीय पट्टा, भूमिहीन कृषक कल्याण योजना, महतारी वंदन जैसे योजनाओं के लिए था। मगर दुर्भाग्य है कि पिछले ढ़ाई साल में नगर पंचायत साजा से एक भी हितग्राही को इस योजना का लाभ नहीं मिला है। नगरवासी आज पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। जिस ओर शासन, प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है।
वहीं उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सिर्फ और सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने का सरकार का एक सुनियोजित तरीका है। आमजन आज महंगाई, खाद, गैस, पेट्रोल, डीजल के लिए परेशान हो रहे है। हर जगह लाइन में लग जाओ, यही सुनने को मिलता है। ये पूरी तरह से शासन, प्रशासन की नाकामी को छुपाने का माध्यम बन गया है। जिसकी कांग्रेस पार्टी घोर निंदा करती है।