राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे आनंदगांव (बेरला) सरपंच चंदन नायक

ग्राम पंचायत आनंदगांव (बेरला) व सरपंच चंदन नायक बने बेमेतरा जिलें के ग्राम पंचायतों व सरपंचों के लिए आदर्श एवं मिशाल 

सम्मान समारोह 03 जून 2026 को भारत मंडपम नई दिल्ली में होगा आयोजित  
बेमेतरा 20 मई 2026 - छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि केंद्र सरकार के पंचायत राज मंत्रालय द्वारा आयोजित होने वाले “National Panchayat Award-2025” समारोह में प्रदेश के विभिन्न जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का चयन किया गया है। यह सम्मान समारोह आगामी 03 जून 2026 को भारत मंडपम नई दिल्ली में आयोजित होगा। 
    पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य के चयनित प्रतिनिधियों को कार्यक्रम में शामिल होने हेतु राज्य सीमा से बाहर प्रवास एवं यात्रा की अनुमति प्रदान की गई है। सूची में बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत आनंदगांव के सरपंच चंदन नायक का नाम विशेष रूप से शामिल होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांव के विकास, स्वच्छता, जनभागीदारी और पंचायत स्तर पर बेहतर कार्यों के कारण उन्हें यह अवसर मिला है। 
स्थानीय ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों ने सरपंच चंदन नायक को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल आनंदगांव ही नहीं बल्कि पूरे बेमेतरा जिले के लिए गौरव का क्षण है। ग्रामीणों का मानना है कि उनके नेतृत्व में पंचायत में विकास कार्यों को नई दिशा मिली है और अब राष्ट्रीय स्तर पर गांव की पहचान बनने जा रही है। 
  बताया जा रहा है कि नई दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में देशभर की उत्कृष्ट पंचायतों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। ऐसे में आनंदगांव के सरपंच चंदन नायक की सहभागिता से छत्तीसगढ़ की पंचायत व्यवस्था को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी।   
    ग्रामीणों ने कहा “हमारे गांव के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि है। चंदन नायक ने गांव के विकास को प्राथमिकता देकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।” इस उपलब्धि पर क्षेत्रभर में उत्साह का माहौल है तथा जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों द्वारा लगातार शुभकामनाएं दी जा रही हैं। 

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सम्मान और बेहतर कार्य करने की देता है प्रेरणा 
ग्राम पंचायत आनंदगांव (बेरला) को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार मिलने पर सरपंच चंदन नायक ने कहा कि सरपंच और गांव की सामूहिक मेहनत, विकास कार्यों की सफलता और सरकार की योजनाओं के जमीनी स्तर पर सही क्रियान्वयन का परिणाम है। यह सम्मान सिर्फ सरपंच का नहीं, बल्कि पंचायत सदस्यों, ग्रामवासियों व पंचायत सचिव के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। 
    उन्होंने गांव में स्वच्छता, पानी की व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और गांव के निर्माण में किए गए कामों का विशेष ध्यान देकर उचित व्यवस्था किया। यह पुरस्कार न केवल गर्व की बात है, बल्कि भविष्य में और अधिक बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।