लोकसभा सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में ’’दिशा’’ समिति की बैठक में केंद्रीय योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों का जिले में क्रियान्वयन की समीक्षा
जिले के सर्वांगीण विकास के लिए अधिकारियों का जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश
बेमेतरा 04 मई 2026 - दुर्ग संसदीय लोकसभा सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की बेहतर क्रियान्वयन करने और अधिकारीगणों को जवाबदेही सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं सेवाओं और कार्यक्रमों का जमीनी हकीकत परखना और क्रियान्वयन में तेजी लाने हेतु कार्ययोजना निर्धारित करना था।
बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक बेमेतरा दीपेश साहू, विधायक साजा ईश्वर साहू, तीनो जनपद पंचायत के अध्यक्षगण, सभी नगरीय निकायों के अध्यक्ष सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, एडीजी रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
जवाबदेही के साथ समय सीमा का करें पालन
सांसद विजय बघेल ने सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने आमजनता के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देने, योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने, जनता के प्रति अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ समय समय पर आने वाली चुनौतियों का सामना व समाधान कर जिले के विकास को रेखांकित करने कहा।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों और सेवाओं की गुणवत्ता उच्च स्तर की होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस उद्देश्य पर जोर दिया कि विभिन्न योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचनी चाहिए। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने कहा।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
सांसद विजय बघेल ने हिदायत दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता न हो। सांसद ने अधिकारियों को नसीहत दी कि वे केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि धरातल पर काम करके दिखाएं ताकि केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप जिले का चहुंमुखी विकास हो सके।
विभागवार योजनाओं की समीक्षा : कृषि, खाद्य, जल मिशन, मनरेगा पर विशेष जोर
बैठक में सांसद श्री बघेल ने जल जीवन मिशन अंतर्गत घर-घर शुद्ध पेयजल पहुँचाने के लक्ष्य की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल मिले यह प्रधानमंत्री की बहूप्रतिक्षित योजनाएं है। योजना का बेहतर क्रियान्वयन हो, सुनिश्चित करने कहा गया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और संवर्धन की दिशा में जनसहभागिता से प्रभावी कार्ययोजना बनाएं।
उन्होंने गहरी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अगर आज जल संरक्षण और संवर्धन की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाली भविष्य में पानी को लेकर भारी संकट पैदा होगा। उन्होंने एक एक पानी की बूंद सहेजने का संकल्प लेने कहा।
इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास आवंटन और निर्माण की स्थिति जानकारी लेते हुए कहा कि कोई भी पात्र आवासहीन हितग्राही योजना का लाभ लेने से वंचित न हो सुनिश्चित करें। स्वीकृत आवास निर्माण को शीघ्रतापूर्वक पूर्ण करने कहा।
सांसद श्री बघेल ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा को जीवन का मूल आवश्यकता बताते हुए विभागीय योजनाओं सेवाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। आयुष्मान भारत कार्ड और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में कृषि और ग्रामीण विकास योजनांतर्गत मनरेगा के तहत रोजगार सृजन और कृषि से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गईं। बैठक के दौरान सांसद विजय बघेल ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा
बैठक की शुरुआत एजेंडा अनुसार विभागवार समीक्षा से हुई। सर्वप्रथम कृषि विभाग से जानकारी ली गई। बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत लाभान्वित किसानों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं की पहुंच अंतिम पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने हेतु नियमित शिविरों का आयोजन कर जन-जागरूकता बढ़ाई जाए।
खाद्य विभाग की समीक्षा
खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों को प्रति माह वास्तविक समाग्री वितरीत करने निर्देशित किया। जनप्रतिनिधियों के द्वारा अनियमित रूप से राशन दुकानों के बंद होने की शिकायत किया गया। राशन दुकानों के संचालन में अनियमितता नहीं बरतने निर्देशित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्य में तीसरे नंबर पर आने पर प्रशंसा की
सांसद श्री बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए राज्य में योजना के क्रियान्वयन में तीसरे नंबर पर आने पर प्रशंसा किया। उन्होंने कहा कि अन्य योजनाएं का क्रियान्वयन भी इसी तरह करते हुए जिले का विकास करें।
स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास पर भी रहा फोकस
श्री बघेल ने स्वास्थ्य विभाग से स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, सम्पूर्ण टीकाकरण, कुपोषण की स्थिति और बच्चों के लिए पोषण संबंधी प्रयासों की जानकारी ली। शिक्षा विभाग से पीएम श्री योजना, शासकीय अशासकीय स्कूलों में गणवेश एवं पुस्तकों के वितरण, शिक्षक उपलब्धता, पढ़ाई की स्थिति व जर्जर भवनों की मरम्मत हेतु डीएमएफ व विधायक निधि से प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की आवश्यकता जताई। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित पेंशन भुगतान, अपूर्ण कार्यों में आ रही कठिनाइयों और ठेकेदारों द्वारा कार्यों में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद श्री बघेल ने अधिकारियों से पारदर्शिता और समयबद्धता से कार्य करते हुए केंद्र की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी योजनाओं के कार्यों की मॉनिटरिंग में भागीदारी निभाने को कहा, विशेषकर ग्रामीण एवं अंदरूनी क्षेत्रों में।
सांसद विजय बघेल ने बैठक के अंत में अधिकारियों से कहा कि योजनाएं जनता आर्थिक उन्नयन और सशक्त रूप से संबल बनाने के लिए संचालित की जाती है, इसे ध्यान में रखते हुए पूर्ण जवाबदारी पूर्वक कार्य करने निर्देशित किया।