सुशासन तिहार के जन समस्या निवारण शिविर में 980 आवेदन प्राप्त, विभिन्न विभागों ने लगाया शिविर

शिविर में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल हुए शामिल 
बेमेतरा 05 मई 2026 - सुशासन तिहार के अंतर्गत जनपद पंचायत बेमेतरा के ग्राम पंचायत मोहरेंगा में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। जिलें के उक्त शिविर में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल शामिल हुए। 
  शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी और कुल 980 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया गया। 
        शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, खाद्य, कृषि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, लोक निर्माण, शिक्षा, श्रम, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया। 

विभागवार प्राप्त आवेदनों का विवरण 
शिविर में प्राप्त आवेदनों का विभागवार विवरण इस प्रकार रहा - पंचायत विभाग 562, राजस्व विभाग 118, खाद्य विभाग 142, कृषि विभाग 8, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHED) 29, विद्युत विभाग 61, लोक निर्माण (PWD) 13, शिक्षा विभाग 18, श्रम विभाग 9, महिला एवं बाल विकास 34, जल संसाधन 11, पशुपालन विभाग 3, लीड बैंक 2, परिवहन विभाग 1, सहकारिता विभाग 1, आबकारी विभाग 1, उद्योग विभाग 1, रोजगार विभाग 1, पुलिस विभाग 1, वन विभाग 5, कुल आवेदन: 980 |
शिविर में समस्याओं का त्वरित निराकरण 
शिविर में प्राप्त आवेदनों में राशन कार्ड, पेंशन, आवास, नामांतरण, सीमांकन, पेयजल, बिजली एवं अन्य जनहित से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकारियों द्वारा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया। 

जनता को मिला राहत का मंच
इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुन रहा है, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली और लोगों ने इस पहल की सराहना की।