1 जून को जिले के 16 मतदान केन्द्रों में 5 (1 सदस्य व 4 पंच) पदों के लिए होगा मतदान

त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 : 1 जनपद सदस्य व 4 पंचों के लिए हो रहा उपचुनाव, 2 सरपंच पद पुनः रिक्त 

प्रेक्षक ने बेरला में निर्वाचन तैयारियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश 
बेमेतरा 29 मई 2026 - त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत जिले में रिक्त 01 जनपद पंचायत सदस्य तथा 04 पंच पदों के लिए 01 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए विकासखण्ड बेरला, बेमेतरा एवं साजा के कुल 16 मतदान केन्द्रों में मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान दलों की रवानगी 31 मई 2026 को संबंधित खण्ड मुख्यालयों से की जाएगी।निर्वाचन कार्य के पर्यवेक्षण हेतु छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा संशोधित आदेश जारी करते हुए लक्ष्मण सिंह, वन उप संरक्षक (रोकड़) नया रायपुर को बेमेतरा एवं कबीरधाम जिले का प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक श्री सिंह ने आज जनपद पंचायत बेरला पहुंचकर निर्वाचन तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 
    जिले के तीनों विकासखण्डों में मतदान दलों का गठन कर उन्हें दो चरणों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। विकासखण्ड बेरला में जनपद पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-07 के निर्वाचन हेतु ग्राम पंचायत रेवे, भरचट्टी, पतोरा एवं सिलघट के कुल 12 मतदान केन्द्रों में मतदान कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत कोदवा के वार्ड क्रमांक-04 में पंच पद के लिए भी मतदान होगा। इस क्षेत्र में कुल 5813 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी प्रकार विकासखण्ड बेमेतरा के ग्राम पंचायत बेतर (वार्ड क्रमांक-08) एवं ग्राम पंचायत बंधी (वार्ड क्रमांक-05) में पंच पद के लिए चुनाव होगा, जहां कुल 192 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं साजा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सोमईखुर्द के वार्ड क्रमांक-01 में पंच पद के निर्वाचन के लिए 94 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 

1 जनपद सदस्य के 4 व 4 पंच के लिए 7 प्रत्याशी मैदान में 
जनपद सदस्य पद के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में 
निर्वाचन में जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए 04 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। वहीं पंच पद हेतु ग्राम पंचायत बेतर में 02, ग्राम पंचायत बंधी में 03, ग्राम पंचायत सोमईखुर्द में 02 तथा ग्राम पंचायत कोदवा में 02 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 

मतदान के बाद केन्द्रों में ही होगी मतगणना 
मतदान 01 जून 2026 सोमवार को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के पश्चात संबंधित मतदान केन्द्रों में ही मतगणना की जाएगी। निर्वाचन परिणामों का सारणीकरण एवं अंतिम घोषणा 04 जून 2026 को संबंधित खण्ड मुख्यालयों में की जाएगी। 

सुचारू निर्वाचन संचालन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त 
निर्वाचन की निष्पक्ष एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं द्वारा जिले में 04 सेक्टर अधिकारियों तथा 03 राजस्व अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।