शिक्षिका श्रीमती आंचल वर्मा वर्ष 2026 के लिए बेमेतरा से राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार के लिए नामित
बेमेतरा 24 अप्रैल 2026 - शासकीय प्राथमिक शाला कंतेली में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती आंचल वर्मा जो वर्ष 2026 के लिए बेमेतरा जिले से राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार के लिए नामित हुई है का ग्राम पंचायत कंतेली की ग्राम सभा में सम्मान किया गया। उक्त ग्राम सभा आज राज्य के सभी ग्राम पंचायत की विशेष ग्राम सभा का आयोजन था जिसमें, एक बिंदु राज्य स्तर पर सम्मानित होने वाले ग्राम से संबद्ध व्यक्तियों का सम्मान किया जाने का प्रावधान किया गया है, जिसके अंतर्गत शिक्षिका श्रीमती आंचल वर्मा का सम्मान किया गया। ग्राम कंतेली के सरपंच महावीर वर्मा, उपसरपंच चपेश्वर वर्मा एवं ग्राम सचिव साहू के द्वारा शिक्षिका को श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ से सम्मानित किया गया।
इस दौरान शासकीय प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला के स्टाफ सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं पंचगण भी उपस्थित थे। इस अवसर पर शिक्षिका श्रीमती आंचल वर्मा ने कहा कि उन्हें ग्राम सरपंच एवं पंचायत पदाधिकारी का स्कूल के कार्यों के लिए हमेशा से ही सहयोग मिलता रहा है, साथ ही साथ उन्होंने अपने प्रधान पाठक का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में वे नवाचारी गतिविधियां संचालित कर सकी हैं। आज अगर वे इस पुरस्कार के लिए नामित हुई है, तो इसमें ग्राम पंचायत के पदाधिकारी का सहयोग तथा स्कूल स्टाफ का सहयोग रहा है, जिसकी बदौलत वे कार्य कर सकी है।