कलेक्टर के निर्देश एवं सीएमएचओ के मार्गदर्शन पर सरकार की सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में प्रभावी पहल का सफल क्रियान्वयन
बेमेतरा 07 अप्रैल 2026 - स्वास्थ्य विभाग नवागढ़ जिला बेमेतरा द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल राज एवं बीपीएम सीके देवांगन के नेतृत्व में 06 अप्रैल 2026 को आयोजित किया गया। इस अभियान के माध्यम से किशोरी बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में प्रभावी पहल
भारत सरकार द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम करना है। यह टीका उन वायरसों के विरुद्ध सुरक्षा प्रदान करता है, जो 90 प्रतिशत से अधिक मामलों में कैंसर के लिए जिम्मेदार होते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ के माध्यम से यह टीकाकरण पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
टीके की प्रभावशीलता एवं सुरक्षा पर जोर
विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी मानी गई है और यह उच्च जोखिम वाले एचपीवी संक्रमण से बचाव करती है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है तथा इसका व्यापक स्तर पर परीक्षण और अध्ययन किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों को जागरूक करते हुए बताया जा रहा है कि यह टीका उनकी बेटियों को भविष्य में होने वाले कैंसर से सुरक्षित रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
स्वास्थ्य अधिकारियों की उपस्थिति एवं जनजागरूकता पर बल
कार्यक्रम के अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल राज, डॉ. एमएम रजा, डॉ. स्वाति चौधरी, सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती अंबालिका, ए. शेख, मितानिन कार्यकर्ता, ब्लॉक समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक किशोरियों को इस अभियान से जोड़ने पर बल दिया।
अपील - स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह टीकाकरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में प्रतिदिन नि:शुल्क उपलब्ध है। यह पहल ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।