आयोजन में विधायक ने राशन दुकान का लोकार्पण एवं ग्रामवासियों की मांग पर 16 लाख के कार्यों की घोषणा की
बेमेतरा 15 अप्रैल 2026 - विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करहि बहिंगा में भारत रत्न, भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक श्री साहू द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब के जीवन दर्शन, संघर्ष और उनके महान विचारों को याद करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक महान व्यक्ति नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माता, सामाजिक न्याय के प्रणेता और समानता के सशक्त प्रतीक हैं।
विधायक दीपेश साहू ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि बाबा साहेब द्वारा निर्मित भारतीय संविधान विश्व के सबसे श्रेष्ठ संविधानों में से एक है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो हर वर्ग, हर समाज और हर व्यक्ति को सम्मान और अधिकार दिलाने का कार्य करता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज हम जो भी लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग कर रहे हैं, वह बाबा साहेब के दूरदर्शी विचारों और उनके अथक प्रयासों का परिणाम है। हमें संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज में भाईचारा, समानता और न्याय को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
लोकार्पण - इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने ग्राम करहि बहिंगा में शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा ग्रामीणों को सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से राशन उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
घोषणा - ग्रामवासियों की मांग एवं क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विधायक दीपेश साहू ने कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सामुदायिक भवन के सामने टीन शेड निर्माण हेतु 7 लाख, मंगल भवन में आहता निर्माण के लिए मंदिर परिसर में 5 लाख तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर लाइट, टाइल्स एवं छाया व्यवस्था के लिए 4 लाख की घोषणा की।
विधायक श्री साहू ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं और गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना ही उनका लक्ष्य है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री साहू ने उपस्थित जनसमुदाय से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में समानता एवं सद्भाव बनाए रखने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मधु राय, ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष गजानंद साहू, टोप सिँह टंडन, विकास तम्बोली, रेवा राम निषाद, राजा लाल बंजारे, अमित वर्मा, जनपद सदस्य पंचम साहू, गोलू कोशले, दोहाई वर्मा, वेद प्रकाश वैष्णव, टोपेन्द्र सोनवानी, सरपंच जय कुमारी देशशरण साहू, उपसरपंच प्रमिला संदीप खरे, कोमल मानदेय, मदन वर्मा, चैन लाल यादव, भूपेंद्र साहू, छन्नू साहू, राजेश मार्केडेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा साथी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने एकजुट होकर बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।