बोर गाड़ी वाहन को जब्त कर थाना साजा को सौंपा गया, कार्यवाही में जांच जारी
बेमेतरा 18 अप्रैल 2026 - बेमेतरा जिले के अंतर्गत तहसील साजा के ग्राम बगलेडी में प्रशासन द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बगलेडी में बिना अनुमति के अवैध रूप से बोर उत्खनन किया जा रहा था। मामले की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां अवैध उत्खनन कार्य करते हुए एक वाहन पाया गया।
कार्यवाही करने वालों में तहसीलदार विनोद कुमार बंजारे, पटवारी लक्ष्मी साहू, एएसआई बनवाली राम सोनकर, आरक्षक रविन्द्र तिवारी शामिल रहे। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा आवश्यक अनुमति लिए बिना ही बोर उत्खनन किया जा रहा था, जो कि नियमों का उल्लंघन है। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन बोर गाड़ी KA 01 MJ 4800, KA 01 MJ 4080 को जब्त कर लिया।
जब्त किए गए वाहन को विधिसम्मत कार्रवाई हेतु थाना साजा के सुपुर्द कर दिया गया है। बोर गाड़ी मालिक भिलाई निवासी मिश्रा का बताया गया, जिसका दलाल ग्राम बगलेड़ी साजा का ही लोधी है। प्रशासन द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।