नेशनल लोक अदालत की तैयारी को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित

बैठक में बैंक, विद्युत विभाग, बीएसएनएल तथा पालिका के अधिकारियों के साथ की गई तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा 
बेमेतरा 21 अप्रैल 2026 - राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा में आगामी नेशनल लोक अदालत के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा श्रीमती सरोज नंद दास द्वारा की गई तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती स्वर्णलता ओम यादव उपस्थित रहीं। 
      बैठक में बैंक, विद्युत विभाग, बीएसएनएल तथा नगर पालिका परिषद के अधिकारियों के साथ नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों को अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के निराकरण हेतु समय-सीमा में प्रकरणों का प्रस्तुतिकरण, पंजीयन एवं नोटिस तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 
अधिकारियों के साथ प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में पक्षकारों को नोटिस की समय पर तामिली कराने तथा आपसी सहमति से सौहार्दपूर्ण तरीके से राजीनामा कर प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं भारतीय दूरसंचार विभाग (बीएसएनएल) के अधिकारी उपस्थित रहे।