भीषण गर्मी में पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

जिला, ब्लाक व जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त, टोल फ्री नंबर जारी 
बेमेतरा 15 अप्रैल 2026 - जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला, विकासखंड एवं जनपद स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए उनके संपर्क नंबर जारी किए गए हैं, ताकि पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले के किसी भी गांव में पेयजल संकट उत्पन्न होने या हैंडपंप खराब/बंद होने की स्थिति में शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कंट्रोल रूम भी गठित किया गया है, जो शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 24×7 कार्य करेगा। 
       इसके अलावा आम नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-0008 जारी किया गया है, जिस पर पेयजल से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति न बने। 

जनपद स्तर पर शिकायत पंजी की व्यवस्था 
प्रशासन द्वारा 15 अप्रैल 2026 से जिले के प्रत्येक जनपद कार्यालय में हैंडपंप खराब या बंद होने की शिकायतों के लिए शिकायत पंजी (रजिस्टर) संधारित किया जा रहा है। इससे शिकायतों का रिकॉर्ड रखने एवं उनके त्वरित समाधान में सुविधा होगी। 

नोडल अधिकारियों की नियुक्ति 
जिला प्रशासन ने विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है, जिनमें जिला स्तर, विकासखंड स्तर एवं जनपद स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था की सतत निगरानी एवं समस्या के तुरंत समाधान के निर्देश दिए गए हैं।

नोडल अधिकारियों के नाम एवं संपर्क नंबर 
पेयजल व्यवस्था की निगरानी एवं समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु इनको जिम्मेदारी सौंपी गई है - 
जिला स्तर पर मोतीलाल ठाकुर (मो. 7389531388), 
बेमेतरा विकासखंड स्तर पर संतोष कुमार नायक (मो. 7049301410), 
बेमेतरा जनपद स्तर पर योगेश कुमार सिन्हा (मो. 8085527621), 
नवागढ़ विकासखंड स्तर पर डीके कोशले (मो. 8871926074), 
साजा विकासखंड स्तर पर संदीप प्रधान (मो. 8770439831), 
साजा जनपद स्तर पर एके करेया (मो. 8878832200) 
बेरला जनपद स्तर पर डीएल वर्मा (मो. 9691188118) 


कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग करें और किसी भी स्थिति में पेयजल आपूर्ति बाधित न होने दें। साथ ही, आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारी या टोल फ्री नंबर पर दें, ताकि शीघ्र समाधान किया जा सके। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि गर्मी के मौसम में जिले में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।