विकास कार्यों की सौगात : विभिन्न ग्रामों में 75 लाख के कार्यों का भूमिपूजन कर अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने की नई शुरुआत
बेमेतरा 09 अप्रैल 2026 - जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के विभिन्न ग्रामों में लगभग 75 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्र में विकास की नई शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर ग्रामीणों को विकास की सौगात दी।
इन विकास कार्यों का शुभारंभ
इन विकास कार्यों के अंतर्गत ग्राम कोहड़िया में मुक्तिधाम एवं शेड निर्माण, ग्राम खमतराई, गोड़गिरी, नेवनारा एवं घटियाकला में सीसी रोड निर्माण तथा ग्राम आंदु एवं टकसीवा में रंगमंच निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि गांवों का विकास ही जिले के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। जब गांवों में सड़क, मंच, सामुदायिक सुविधाएं और मूलभूत ढांचे विकसित होते हैं, तो इससे सीधे तौर पर लोगों के जीवन स्तर में सुधार आता है। उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों के जीवन में सुविधा, विश्वास और संतुलन स्थापित करने का माध्यम है।
जनभावनाओं के अनुरूप कार्यों की शुरुआत से लोगों के मन में संतोष और शासन के प्रति विश्वास बढ़ता है। उन्होंने आगे कहा कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपने गांव और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। आपसी सहयोग, एकजुटता और सहभागिता से ही हर कार्य सफल होता है और यही भावना हमें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे और सभी ने इस विकास पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कोहड़िया सरपंच रोहित शिवारे, खमतराई सरपंच प्रहलाद सारथी, गोड़गिरी सरपंच मीनू सुमन पाटिल, नेवनारा सरपंच लोकेश कुमार साहू, आंदु सरपंच सरजू राम साहू, टकसीवा सरपंच ज्योति खेमराज साहू, घटियाकला सरपंच रानी वर्मा सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अंत में जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने सभी ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का स्नेह, सहयोग और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने क्षेत्र की निरंतर प्रगति, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।