पीएम ग्राम सड़क योजना फेस-04 : बेमेतरा में 3.5 किमी की दो सड़कों का सीएम ने किया वर्चुअल भूमिपूजन

साजा ब्लाक के हरडुवा से खपरीलोधी 2 किमी सड़क निर्माण हेतु 221.54 लाख, बोड़ से रेंगा 1.50 किमी सड़क निर्माण हेतु 139.18 लाख की स्वीकृति 

360.72 लाख की लागत से ग्रामीण विकास को नई गति देने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल रूप से जुड़े, जिला पंचायत बेमेतरा सभागृह में कार्यक्रम संपन्न 
बेमेतरा 17 अप्रैल 2026 - प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेस-04) के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन आज जिला पंचायत बेमेतरा के सभागृह में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम जिले के ग्रामीण अंचलों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। 
      इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर के रणजीता स्टेडियम से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और अपने उद्बोधन के माध्यम से ग्रामीण विकास एवं सड़क निर्माण कार्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ सड़क नेटवर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति तेज होती है और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं। 

3.5 किमी की दो सड़कों का भूमिपूजन 
कार्यक्रम के दौरान कुल 3.5 किलोमीटर लंबाई की दो सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल स्वीकृत लागत 360.72 लाख है। हरडुवा से खपरीलोधी तक 2 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 221.54 लाख, बोड़ से रेंगा तक 1.50 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 139.18 लाख। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी। 

डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम : सीएससी भवन निर्माण 
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत अटल डिजिटल सुविधा केंद्र (CSC भवन) निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई। विकासखंड साजा के मोहतरा, भटगांव, खाती, भरदालोधी एवं जेवरा सहित 6 ग्राम पंचायत, विकासखंड बेरला के बारगांव, खर्रा एवं सोढ़, विकासखंड बेमेतरा के मऊ एवं खंडसरा। इन सभी स्थानों पर प्रत्येक 5 लाख रुपये की स्वीकृति के साथ सीएससी भवनों का निर्माण किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को शासकीय सेवाएं, ऑनलाइन सुविधाएं एवं डिजिटल सेवाएं गांव स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बेमेतरा दीपेश साहू ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब तेजी से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं विभिन्न योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। साथ ही जिले में सड़कों के निर्माण एवं पेयजल समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 
      वहीं विधायक साजा ईश्वर साहू ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, डिजिटल सुविधा एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के विस्तार से गांवों में नई संभावनाएं विकसित होंगी और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा। 

ग्रामीण विकास को मिलेगा नया आयाम 
कार्यक्रम के अंत में यह कहा गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं अन्य विकास योजनाओं के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं डिजिटल सेवाओं तक पहुंच भी सुदृढ़ होगी, जिससे समग्र ग्रामीण विकास को नया आयाम मिलेगा।
गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम 
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर, बेमेतरा जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमा जय दिवाकर, साजा जनपद अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को सफल एवं प्रभावशाली बनाया। 

हितग्राहियों को बैटरी चलित ट्रायसाइकिल का वितरण 
कार्यक्रम के उपरांत समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पात्र हितग्राहियों को बैटरी चलित ट्रायसाइकिल एवं ट्रायसाइकिल प्रदान किए गए। इससे दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने और दैनिक जीवन में सुगमता प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। 

हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरण 
संतराम पिता रामदीन निवासी सेमरिया तहसील दाढ़ी जिला बेमेतरा, उपकरण बैटरी चलित ट्रायसाइकिल, दिव्यांगता 80% 
बलराम गोयल पिता जगत दास निवासी परसबोड़ तहसील साजा जिला बेमेतरा, उपकरण बैटरी चलित ट्रायसाइकिल, दिव्यांगता 90% 
बसंती साहू पति नरेश साहू निवासी परपोड़ा तहसील बेरला जिला बेमेतरा, उपकरण बैटरी चलित ट्रायसाइकिल, दिव्यांगता 90% 
कमलकिशोर श्रीवास पिता शोभाराम श्रीवास निवासी बीजाभाठा तहसील साजा जिला बेमेतरा, उपकरण बैटरी चलित ट्रायसाइकिल, दिव्यांगता 80% 
गोमती साहू पति विसंबर साहू निवासी ढोलिया तहसील व जिला बेमेतरा, उपकरण सामान्य ट्रायसाइकिल, दिव्यांगता 90% 
     कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक लाभ पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन सतत प्रयासरत है। ग्रामीण विकास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।