शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखना नगर पालिका की हैं प्राथमिक जिम्मेदारी, लापरवाही व उदासीनता नहीं स्वीकार - नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर की गई विस्तारपूर्वक चर्चा 

वार्डों से प्राप्त शिकायतों, नालियों की सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा सफाई कर्मियों की उपस्थिति और कार्य की समीक्षा 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 26 फरवरी 2026 - नगर पालिका बेमेतरा कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण एवं आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहर की वर्तमान सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन प्रणाली तथा स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान नगर के विभिन्न वार्डों से प्राप्त शिकायतों, नालियों की नियमित सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा सफाई कर्मियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। 
  नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। 
  उन्होंने विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों, अस्पतालों, विद्यालयों, बस स्टैंड, मुख्य सड़कों और घनी आबादी वाले इलाकों में नियमित एवं प्रभावी सफाई अभियान चलाने पर जोर दिया। 
       बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कचरा उठाव की प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा तथा समयबद्ध तरीके से डोर-टू-डोर कलेक्शन सुनिश्चित किया जाएगा। नालियों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने, जल भराव की समस्या को प्राथमिकता से दूर करने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, सफाई कार्यों की निगरानी के लिए वार्ड स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया गया। 
  नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि आम नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें तथा नगर पालिका के स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। 
     बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करें, कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। नगर पालिका अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे और आवश्यकतानुसार कठोर कदम भी उठाए जाएंगे। 
         इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, सभापति विकाश तम्बोली, सभापति नीतू कोठारी, नगर पालिका मुख्य अधिकारी नरेश वर्मा सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।