डीआईजी एवं एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू ने संत समागम मेला एवं सात्विक यज्ञ चौका आरती मुसुवाडीह की तैयारी व सुरक्षा व्यवस्था पर की चर्चा

धर्मनगरी मुसुवाडीह (साजा) में आयोजित चार दिवसीय संत समागम मेला एवं सात्विक यज्ञ चौका आरती का आयोजन 21 फरवरी से 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 27 जनवरी 2026 - पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने ग्राम मुसुवाडीह (साजा) में आयोजित चार दिवसीय संत समागम मेला एवं सात्विक यज्ञ चौका आरती कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु महत्वपूर्ण चर्चा की। 
    धर्मनगरी ग्राम मुसुवाडीह (साजा) में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 21 फरवरी से 24 फरवरी तक चार दिवसीय संत समागम मेला एवं सात्विक यज्ञ चौका आरती का आयोजन किया जा रहा है। संत समागम मेला में स्थानीय जन प्रतिनिधियों के अतिरिक्त ग्रामीण अंचल से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। 
     इस मौके पर संत श्री मनिहारी दीवान स्मृति श्री सद्गुरू कबीर धर्मदास वंशानुयायी समिति एवं समस्त ग्रामवासी मुसुवाडीह के प्रतिनिधियों, जिनमें निलेश भारती सरपंच मुसुवाडीह, रघुवीर साहू समिति अध्यक्ष, ओम प्रकाश साहू पंच एवं समिति उपाध्यक्ष, टिकम साहू पंच और अन्य शामिल थे, ने पुलिस कार्यालय में एसएसपी से मुलाकात कर आयोजन के लिए आमंत्रण दिया और पुलिस बल की आवश्यकताओं पर चर्चा की। 
         पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) एवं एसएसपी रामकृष्ण साहू ने कहा कि समारोह के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखना प्राथमिकता होगी। उन्होंने संत समागम मेला एवं सात्विक यज्ञ चौका आरती स्थल और उसके आस-पास के ग्रामों की सुरक्षा का जायजा लेते हुए उचित पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन दिया। इस आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए, पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि शांति एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद उठा सकें। आगामी संत समागम मेला एवं सात्विक यज्ञ चौका आरती जिले का एक प्रमुख धार्मिक आयोजन होने के साथ-साथ सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक भी है और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैयार है।