राष्ट्रीय पर्व पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर अतिथियों का मनमोहा
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 26 जनवरी 2026 - डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता में 77 वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास, देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत जांता सरपंच पूजा देवव्रत मिश्रा एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का माहौल दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य स्वागत परेड से हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना की गई। उपस्थित अतिथि व प्राचार्य पीएल जायसवाल के द्वारा झंडा फहराया गया और ततपश्चात राष्ट्रगान के साथ सभी ने देश के प्रति सम्मान और समर्पण व्यक्त किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा किए गए देशभक्ति नृत्य और प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चे सुंदर वेशभूषा में सजे-धजे नजर आ रहे थे और पूरे उत्साह के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे थे।
विद्यालय के प्राचार्य श्री जायसवाल ने बच्चों को गणतंत्र दिवस के महत्व, संविधान की गरिमा और देश के प्रति नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी तथा सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में बच्चों को अनुशासन, शिक्षा और देशभक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
समापन पर सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सफल आयोजन के लिए हर्ष व्यक्त किए। पूरा कार्यक्रम देशप्रेम, उत्साह और एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।