श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह कुसमी में शामिल हुईं जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 9 जनवरी 2026 - जिलें के बेरला ब्लाक के नगर पंचायत कुसमी में यशवंत कुमार साहू एवं नवीन साहू की माता स्वर्गीय श्रीमती कुमारी बाई साहू की प्रथम पुण्यतिथि (वार्षिक श्राद्ध) के पावन अवसर पर श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर भागवताचार्य आचार्य संदीप द्विवेदी द्वारा श्रीमद भागवत महापुराण की दिव्य कथा का वाचन किया जा रहा है। आचार्य श्री द्विवेदी के ओजस्वी, सरल एवं भावपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालुजन भावविभोर हो उठे। उनकी कथा शैली ने श्रोताओं को धर्म, भक्ति और आत्मज्ञान से जोड़ते हुए जीवन में सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। यह आयोजन अखिल कोटि ब्रह्माण्ड नायक, परमपिता परमेश्वर, पूर्वजों एवं प्रभु बांके बिहारी की असीम कृपा से संपन्न हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन भागवत कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं। कथा स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और शांति का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमद भागवत महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान-पुंज है। भागवत कथा हमें जीवन में सत्य, धर्म, करुणा, सेवा, संयम और सदाचार के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती है। यह कथा मनुष्य को भौतिकता से ऊपर उठाकर आत्मिक शांति और ईश्वर भक्ति की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से मन, बुद्धि और आत्मा का शुद्धिकरण होता है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन का आत्ममंथन करता है और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेता है। ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सौहार्द, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा नई पीढ़ी को हमारी सनातन संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने आगे कहा कि पूर्वजों की पुण्य स्मृति में आयोजित ज्ञान यज्ञ न केवल आत्मिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि परिवार, समाज और पीढ़ियों के बीच भावनात्मक एकता को भी सुदृढ़ करते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम अपने संस्कारों को जीवंत रखते हैं और भावी पीढ़ी को धर्म व नैतिक मूल्यों का मार्गदर्शन प्रदान करते हैं उन्होंने साहू परिवार की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन करना अत्यंत पुण्यकारी, सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल है। इससे समाज में धर्म, आस्था, सेवा और मानवीय मूल्यों की भावना और अधिक मजबूत होती है। अंत में उन्होंने प्रभु से प्रार्थना की कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे और भागवत कथा के दिव्य संदेश से समाज निरंतर प्रगति, शांति और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे। कार्यक्रम के दौरान शामिल हुए यशवंत कुमार साहू, डॉ. दुर्गेश साहू भारती साहू, श्रीमती मुर्ति साहू, श्रीमती सीमा-योगेन्द्र साहू, श्रीमती नेहा-सीताराम साहू, श्रीमती रानू-रविकांत साहू, श्रीमती खुशबु-सौरभ साहू, प्रवीण कुमार साहू-श्रीमती प्रियंका साहू, नवीन साहू (गोपी)-श्रीमती प्रतिभा साहू एवं श्रद्धालुओं ने भागवत कथा के मधुर प्रसंगों का श्रवण किया। वहीं भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन में नगरवासी, श्रद्धालुगण एवं समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।