नगर पंचायत देवकर के 12 पार्षदों ने संयुक्त हस्ताक्षर कर परिषद की बैठक शीघ्र कराने की मांग को लेकर सीएमओ को दिया आवेदन

नगर पंचायत देवकर में परिषद की बैठक न बुलाए जाने पर पार्षदों की संयुक्त पहल 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 10 जनवरी 2026 - जिलें के नगर पंचायत देवकर में लंबे समय से परिषद की बैठक आयोजित नहीं किए जाने को लेकर पार्षदों में असंतोष व्याप्त है। नगर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं निर्णय प्रभावित हो रहे हैं। 
  नगर के विकास कार्यों, जन समस्याओं के निराकरण तथा नगर पंचायत के नियमित कार्य संचालन को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत देवकर के 12 निर्वाचित पार्षदों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर कर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवेदन प्रस्तुत किया है। आवेदन में परिषद की बैठक शीघ्र आयोजित किए जाने का अनुरोध किया गया है, ताकि नगर हित से जुड़े विषयों पर लोकतांत्रिक रूप से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें। 
   उल्लेखनीय है कि निर्वाचन के पश्चात अब तक एक बार भी “प्रेसिडेंट इन काउंसिल” की बैठक आयोजित नहीं की गई है। वहीं नगर पंचायत देवकर परिषद की अंतिम बैठक 17.09.2025 को आयोजित हुई थी, जबकि प्रचलित नियमों के अनुसार परिषद की बैठक प्रत्येक दो माह में एक बार आयोजित किया जाना अनिवार्य है। इसके बावजूद लंबे समय से बैठक न होना नियमों की अवहेलना को दर्शाता है। 
      पार्षदों ने स्पष्ट किया कि परिषद की बैठक नगर पंचायत की सर्वोच्च निर्णयकारी प्रक्रिया है और इसकी नियमित बैठकें न होना शासन की मंशा एवं नगरवासियों के हितों के विपरीत है। पार्षदों का कहना है कि वे नगर के समग्र विकास, पारदर्शिता एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिए सदैव तैयार हैं।
पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से अपेक्षा की है कि वे नियमानुसार परिषद की बैठक बुलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे, जिससे नगर पंचायत देवकर के विकास कार्यों को गति मिल सके और जन समस्याओं का समाधान हो सके।  

   "पार्षदों के द्वारा बैठक को लेकर दिसंबर में आवेदन प्राप्त हुआ था, जिस पर 12 जनवरी को बैठक की तिथि निर्धारित की गई है, जिसके लिए सूचना एक सप्ताह पूर्व जारी किया गया हैं। --- केआर साहू, सीएमओ नगर पंचायत देवकर"