लोलेसरा के संत समागम मेला की तैयारी को लेकर एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू ने की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा

लोलेसरा के संत समागम मेला की तैयारी को लेकर एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू ने की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा 

प्रतिवर्ष लोलेसरा में होता हैं कबीरपंथ का भव्य संत समागम व मेला का आयोजन 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 11 दिसम्बर 2025 - बेमेतरा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने ग्राम लोलेसरा में आयोजित होने वाले चार दिवसीय संत समागम मेला के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु महत्वपूर्ण चर्चा की। 
        ग्राम लोलेसरा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 21 दिसम्बर से 24 दिसम्बर 2025 तक चार दिवसीय संत समागम मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचल से महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस मौके पर कबीरपंथ समाज बेमेतरा के प्रतिनिधियों, जिनमें विजेन्द्र वर्मा, घासीराम वर्मा, नंद साहू, मिथलेश वर्मा और अन्य शामिल थे, ने पुलिस कार्यालय में एसएसपी रामकृष्ण साहू से मुलाकात कर आयोजन के लिए आमंत्रण दिया और पुलिस बल की आवश्यकताओं पर चर्चा की। 
  एसएसपी रामकृष्ण साहू ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखना प्राथमिकता होगी। उन्होंने मेला स्थल और उसके आस-पास के ग्रामों की सुरक्षा का जायजा लेते हुए उचित पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन दिया। इस आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए, पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि शांति एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद उठा सकें। आगामी संत समागम मेला जिले का एक प्रमुख धार्मिक आयोजन होने के साथ-साथ सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक भी है, और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैयार है।